कुजू. बालिका उच्च विद्यालय कुजू के पूर्व सचिव अंशु कुमार गुप्ता के आकस्मिक निधन पर मंगलवार को विद्यालय परिसर में शोकसभा आयोजित की गयी. विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं ने दिवंगत अंशु गुप्ता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की.
बताया गया कि अंशु कुमार गुप्ता पिछले कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे और बेंगलुरु में उनका इलाज चल रहा था. इलाज के दौरान उनका निधन हो गया. उनके निधन की सूचना 7 सितंबर 2026 को विद्यालय परिवार को मिली, जिसके बाद विद्यालय परिसर में शोक का माहौल रहा.
विद्यालय के वर्तमान सचिव सह विधायक प्रतिनिधि नरेश महतो ने अंशु गुप्ता के निधन पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि विद्यालय के विकास और शैक्षणिक गतिविधियों में अंशु गुप्ता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उनके निधन से विद्यालय परिवार ने एक मार्गदर्शक और शुभचिंतक खो दिया है. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की.
शोकसभा में प्राचार्य कुलदीप प्रसाद, किरण कुमारी, रीना कुमारी, जुगनी कुमारी, कविता कुमारी, शिशुपाल महतो, प्रीतम कुमार समेत विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित थे.
