रामगढ़: मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत पांच अगस्त से शुरू हुए दावा-आपत्ति और नोटिस-सत्यापन चरण के सफल क्रियान्वयन को लेकर टाउन हॉल रामगढ़ में 22-बड़कागांव और 23-रामगढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के सभी बीएलओ व बीएलओ सुपरवाइजर को प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ऋतुराज और उप निर्वाचन पदाधिकारी रवींद्र कुमार गुप्ता ने दावे और आपत्तियों के साथ-साथ नोटिस व सत्यापन से संबंधित प्रक्रियाओं, दायित्वों और कार्यों की विस्तृत जानकारी दी.
निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से दावों का हो निष्पादन
अधिकारियों ने प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. नोटिस और सत्यापन से संबंधित कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर भी जोर दिया गया. प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ और सुपरवाइजर की शंकाओं का समाधान किया गया. अधिकारियों ने सभी कर्मियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्य करने और मतदाताओं को आवश्यक सहयोग व सही जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
