पतरातू (रामगढ़): छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पतरातू में विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पतरातू-रांची मुख्य मार्ग पर स्थित लेक रिसोर्ट के सामने सड़क जाम कर दिया. जिससे मुख्य मार्ग पर वाहनों के आवागमन बाधित हुआ और रांची आने-जाने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
भाजपा कार्यकर्ता लेक रिसोर्ट के समीप मुख्य सड़क पर पहुंचे और लाठीचार्ज की घटना के विरोध में प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने और छात्रों के साथ न्याय करने की मांग की. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. रांची की ओर जाने वाले कई वाहन जाम में फंस गये. जाम से बचने के लिए कई लोगों को अपना रास्ता बदलना पड़ा. वहीं, जाम की स्थिति को देखते हुए कुछ लोग पिठोरिया से ही वापस लौट गए.
सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों से बातचीत की. अधिकारियों ने उन्हें समझा-बुझाकर सड़क से हटाया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया और आवागमन सामान्य हो गया. सड़क जाम व विरोध प्रदर्शन में रिद्धि राज, रंजन कुमार भगत, अनिल राय, राजाराम प्रजापति, महेंद्र महतो, वारिस खान, पंकज सिंह, राहुल कुमार, ऋषि राज भंडारी, सुखदेव महतो, रितेश ठाकुर, संजय रजक, विजय सिंह और बमबम रजक समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल थे.
ये भी पढ़ें- छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा नेडीवीसी चौक पर किया चक्का जाम
