रामगढ़. शांतिधारा फाउंडेशन की ओर से पीएम श्री मध्य विद्यालय कोयरी टोला, रामगढ़ के पुस्तकालय के लिए प्रेरक, शिक्षाप्रद व आध्यात्मिक विषयों पर आधारित 40 नई पुस्तकें उपहार स्वरूप दी गयीं.
संस्था के संस्थापक व अध्यक्ष सुरेश पी अग्रवाल ने बताया कि विद्यार्थियों में पढ़ने के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनमें संस्कार विकसित करने के उद्देश्य से क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों को क्रमवार पुस्तकें दी जा रही हैं. उन्होंने कहा कि इन पुस्तकों से विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, संस्कार व सकारात्मक सोच के विकास में मदद मिलेगी.
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ज्ञानी कुमारी ने कहा कि पुस्तकें अच्छी मित्र होती हैं. फाउंडेशन की ओर से दी गयी प्रेरणादायी कहानियों की पुस्तकें विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों के लिए भी उपयोगी होंगी. उन्होंने इस कार्य के लिए पूरे विद्यालय परिवार की ओर से फाउंडेशन का आभार जताया.
मौके पर शिक्षक संजीव कुमार संजय, शिक्षिका अनुपा मिंज, मीनाक्षी जायसी, संगीता देवी, मीना कुमारी सहित सभी शिक्षक उपस्थित थे.
