उरीमारी से सुरेंद्र प्रसाद की रिपोर्ट
उरीमारी(रामगढ़). एसबीआई ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए उरीमारी स्थित गुरुकुल स्कूल में एक खास कार्यक्रम आयोजित किया. यह कार्यक्रम कक्षा एक और दो के छात्र-छात्राओं के लिए ड्राइंग कॉम्पिटिशन का था.
कॉम्पिटिशन का मकसद नन्हे बच्चों की छिपी रचनात्मक प्रतिभा को सामने लाना व उन्हें कला के प्रति प्रोत्साहित करना था. कॉम्पिटिशन का आयोजन एसबीआई की शाखा प्रबंधक मीनाक्षी चौबे व सिमरन टुड्डू के नेतृत्व व देखरेख में किया गया. इसमें कक्षा एक व दो के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
बच्चों ने कागज पर उकेरी कल्पनाशक्ति
बच्चों ने अपनी ड्राइंग शीट पर रंग-बिरंगे चित्र बनाकर अपनी कल्पनाशक्ति व कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया. एक बच्चे ने जहाँ रंगीन तितलियों से भरा एक खूबसूरत बगीचा बनाया, वहीं दूसरे ने उड़ने वाली कार की कल्पना को कागज पर उतारा.
बच्चों के उत्साह ने प्रतियोगिता में चार चांद लगाए
कॉम्पिटिशन के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला. छोटे-छोटे बच्चों ने पूरी लगन के साथ चित्रों में रंग भरे व अपनी रचनात्मक सोच को कागज पर प्रस्तुत किया. विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम से बच्चों में उत्साह का माहौल रहा.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ में झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम शुरू, महिला उद्यमियों को मिलेगा 10 लाख तक का लाभ
कला व रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने की अपील
मौके पर मीनाक्षी चौबे ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों की सोच को पंख देती हैं. उन्होंने जोर दिया कि बच्चों को स्कूल की पढ़ाई के साथ-साथ कला और दूसरी रचनात्मक चीजों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित करना चाहिए.
प्रतिभागियों का बढ़ाया गया हौसला
कार्यक्रम के अंत में, एसबीआई के अधिकारियों और स्कूल के शिक्षकों ने सभी नन्हे चित्रकारों को खूब सराहा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. बच्चों के चेहरों पर आत्मविश्वास और खुशी साफ झलक रही थी.
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ एसबीआई के कर्मचारी भी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ में SC/ST परिवारों को गंभीर बीमारी के इलाज में मिलेगी आर्थिक मदद, 5 लाख से कम आय वाले होंगे पात्र
