रामगढ़ः दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर लुकैयाटांड़ मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था लोगों के बीच चर्चा का विषय रही. सरकारी और राजनीतिक कार्यक्रमों में जिस स्तर की सफाई व्यवस्था कम ही देखने को मिलती है, वैसी व्यवस्था यहां नजर आयी.
रामगढ़ नगर परिषद के सफाईकर्मी पिछले कई दिनों से लुकैयाटांड़ मैदान और आसपास के कार्यक्रम स्थलों की साफ-सफाई में जुटे हुए थे. मंगलवार को भी सुबह आठ बजे से शाम तीन बजे तक सफाईकर्मी सभी स्थलों पर लगातार सफाई करते नजर आये. कार्यक्रम के दौरान भी कचरा हटाने और परिसर को स्वच्छ बनाए रखने का काम लगातार जारी रहा.
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन सहित विभागीय अधिकारी सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी करते रहे. बेहतर सफाई व्यवस्था के कारण कार्यक्रम स्थल पूरी तरह स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आया.
