पतरातू. बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को बेहतर व निर्बाध बनाने को लेकर विधायक रोशन लाल चौधरी ने बुधवार को पतरातू स्थित सरोवर विहार लेक रिसॉर्ट के सामुदायिक भवन में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की. बैठक में विधायक ने क्षेत्र में चल रहे विद्युत कार्यों की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन गांवों, टोलों और मोहल्लों में ट्रांसफार्मर खराब हैं, वहां 24 घंटे के भीतर ट्रांसफार्मर की मरम्मत या जरूरत पड़ने पर उसे बदलने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये. उन्होंने कहा कि पुराने और जर्जर विद्युत तारों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाये. आवश्यकता वाले स्थानों पर नए विद्युत पोल लगाये जायें तथा बिजली आपूर्ति से जुड़ी आधारभूत संरचना को मजबूत किया जाये.
विधायक ने स्पष्ट कहा कि ट्रांसफॉर्मर खराब होने, तार टूटने या बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद लोगों को लंबे समय तक परेशान नहीं होना चाहिए. शिकायत मिलने पर विभागीय अधिकारी तत्काल कार्रवाई करें.उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विद्युत कार्यों में लापरवाही, अनावश्यक विलंब और गुणवत्ता से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा. सरकारी योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहकर आम जनता तक पहुंचना चाहिए.
