पतरातू. लगातार हो रही बारिश के कारण पतरातू डैम में पानी की आवक बनी हुई है. सोमवार को डैम का जलस्तर 1326.11 आरआरएल दर्ज किया गया. जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए डैम के दो फाटकों से लगातार पानी की निकासी की जा रही है. बताया गया कि 19 अगस्त से डैम से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है.
पीटीपीएस शेष परिसंपत्ति के प्रशासक एसके पांडा ने बताया कि डैम से जुड़ी पहाड़ी नदियों और नालों के माध्यम से लगातार पानी पहुंच रहा है. बारिश के कारण पानी की आवक में उतार-चढ़ाव बना हुआ है. ऐसी स्थिति में डैम के जलस्तर और पानी की आवक को देखते हुए फाटकों की संख्या और उनकी ऊंचाई में आवश्यकता के अनुसार बढ़ोतरी या कमी की जा सकती है. उन्होंने बताया कि डैम प्रबंधन की टीम लगातार जलस्तर और पानी की स्थिति पर नजर बनाये हुए है.
पानी की आवक बढ़ने पर जल निकासी की व्यवस्था को भी उसी के अनुरूप समायोजित किया जायेगा. प्रबंधन का प्रयास है कि डैम का जलस्तर नियंत्रित रखते हुए परिस्थितियों के अनुसार सुरक्षित तरीके से जल निकासी जारी रखी जाये.
