कुजू (रामगढ़). रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र से कथित रूप से अपहृत युवक को रामगढ़ जिले के कुजू में पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया. संयुक्त कार्रवाई में बोलेरो वाहन समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. सभी आरोपियों को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए रांची पुलिस अपने साथ ले गयी है. जानकारी के अनुसार, अरगोड़ा थाना क्षेत्र निवासी राजू साव का शनिवार को पुराने विवाद के कारण कथित रूप से अपहरण कर लिया गया. आरोप है कि अपहरणकर्ता उन्हें बोलेरो (संख्या JH02BH-0714) से घाटो ओपी क्षेत्र की ओर ले जा रहे थे.
पुलिस की सतर्कता से मिला युवक
घटना की सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना और रांची सदर थाना की पुलिस ने वाहन का पीछा शुरू किया. इसी दौरान रांची पुलिस ने कुजू थाना को भी अलर्ट किया. सूचना मिलते ही कुजू पुलिस ने नया मोड़ फोरलेन पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी. कुछ ही देर बाद संदिग्ध बोलेरो वहां पहुंची, जिसके बाद कुजू पुलिस ने रांची पुलिस के सहयोग से वाहन को रोक लिया. पुलिस ने अपहृत युवक राजू साव को सकुशल मुक्त करा लिया और मौके से बोलेरो समेत पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया.
मामले की जांच कर रही है पुलिस
पुलिस ने अपहरण में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है. वहीं, गिरफ्तार सभी आरोपियों को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए रांची पुलिस अपने साथ ले गयी. फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही अन्य तथ्यों का खुलासा किया जाएगा.
ये भी पढ़ें...
प्रगतिशील लेखक संघ के राज्य सम्मेलन का आगाज, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनपक्षधर लेखन पर मंथन
