नेमरा से आनंद मोहन और राजलक्ष्मी की रिपोर्ट
JPSC Student Protest: झारखंड की राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा संदेश दिया है. दिशोम गुरु पद्म भूषण शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर रामगढ़ जिले के नेमरा में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार छात्रों की हर चिंता से पूरी तरह अवगत है और इस मामले को गंभीरता से देख रही है.
सरकार संवेदनशील है: हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, "मैंने पहले भी कहा है कि हमारी सरकार के पास आंख भी है, कान भी है और संवेदनशीलता भी है. हम कितनी गंभीरता के साथ चीजों को देख रहे हैं, उसे मैं सीना चीरकर नहीं दिखा सकता. लेकिन यह जरूर है कि सरकार हर चीज को देख और सुन रही है." उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की भावनाओं और उनकी मांगों को नजरअंदाज नहीं कर रही है, बल्कि पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है.
जांच एजेंसियां कर रही हैं लगातार काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पूरे मामले में जांच दल दिन-रात काम कर रहा है. सरकार जांच की प्रगति पर लगातार नजर रखे हुए है और उसकी रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. उन्होंने कहा कि अनुसंधान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर उचित निर्णय लिया जाएगा. सरकार किसी भी मामले में जल्दबाजी के बजाय कानूनी और संवैधानिक प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ना चाहती है.
'संवैधानिक प्रक्रिया के तहत मिलेगा न्याय'
हेमंत सोरेन ने भरोसा दिलाया कि राज्य के युवाओं के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि नौजवानों को जो भी आवश्यकता होगी और जो भी कदम संविधान तथा कानून के दायरे में उठाए जा सकते हैं, सरकार उन्हें उठाएगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्रों को न्याय मिलेगा और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: झारखंड के नेमरा में उमड़ा जनसैलाब, पहली पुण्यतिथि पर दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी है छात्रों का आंदोलन
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्र कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं. अभ्यर्थी परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं. मुख्यमंत्री के इस बयान को आंदोलनरत छात्रों के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रतिक्रिया माना जा रहा है. अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट और सरकार के अगले फैसले पर टिकी हुई है.
इसे भी पढ़ें: JPSC Student Protest: तेज बारिश में जेपीएससी के खिलाफ छात्रों में उबाल, रांची की सड़कों पर कर रहे प्रदर्शन
