गोला. गोला प्रखंड क्षेत्र के पूरबडीह गांव स्थित रविदास टोला में ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण ग्रामीणों को अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है. बताया जाता है कि रविवार की रात बारिश के दौरान अचानक तेज बिजली कड़की, जिसके बाद टोला में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर जल गया. ट्रांसफार्मर जलने के बाद से ही पूरे टोला की बिजली आपूर्ति बाधित है.
ग्रामीणों के अनुसार सोमवार सुबह बिजली विभाग के मिस्त्री मौके पर पहुंचे और जांच के बाद ट्रांसफार्मर जलने की पुष्टि की. मिस्त्री ने ग्रामीणों को बताया कि जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है.
हालांकि, ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीणों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बिजली नहीं रहने से रात में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. वहीं घरेलू कामकाज के साथ-साथ मोबाइल चार्ज करने और अन्य जरूरी विद्युत उपकरणों के इस्तेमाल में भी लोगों को परेशानी हो रही है.
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मामले में शीघ्र पहल करते हुए नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि टोला में जल्द बिजली आपूर्ति बहाल हो सके.
