गोला. गोला स्थिति प्रखंड संसाधन केंद्र में बुधवार को झारखंड शिक्षा परियोजना के तहत समावेशी शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत दिव्यांग छात्र-छात्राओं के बीच सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया.
शिविर में चिन्हित दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण उपलब्ध कराये गये. इस दौरान बच्चों के बीच ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, बैसाखी और मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल सहित अन्य जरूरी उपकरणों का वितरण किया गया.
उपकरण मिलने के बाद बच्चों और उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल देखा गया. अभिभावकों ने कहा कि सहायक उपकरण मिलने से बच्चों को दैनिक गतिविधियों के साथ विद्यालय आने-जाने में भी काफी सुविधा होगी. अधिकारियों ने बताया कि समावेशी शिक्षा कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है.
