वेस्ट बोकारो में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, मुकेश रंजन ने गिनाई कोयला क्षेत्र की भूमिका; कहा- 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में कोयला का अहम योगदान

टाटा स्टील वेस्ट बोकारो के महाप्रबंधक मुकेश रंजन ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में कोयला क्षेत्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी.

घाटोटांड़ : टाटा स्टील के वेस्ट बोकारो डिवीजन में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया. महाप्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि डिवीजन के महाप्रबंधक मुकेश रंजन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया. समारोह को संबोधित करते हुए मुकेश रंजन ने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में कोयला क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका होगी.कोयला उत्पादन में वृद्धि देश के औद्योगिक विकास को गति देने के साथ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी योगदान देगी. वेस्ट बोकारो क्षेत्र का विकास भी कोयला उत्पादन से जुड़ा है और इसके लिए सभी को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी.

कंपनी उत्पादन के साथ अपने कार्यक्षेत्र से जुड़े समुदायों के विकास के प्रति भी प्रतिबद्ध है

उन्होंने आगे कहा कि टाटा समूह स्थापना काल से ही देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है. कंपनी उत्पादन के साथ अपने कार्यक्षेत्र से जुड़े समुदायों के विकास के प्रति भी प्रतिबद्ध है. उन्होंने कर्मचारियों से कार्यस्थल पर सुरक्षा, ईमानदारी, नैतिकता और टीमवर्क को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया.


सुरक्षा की शुरुआत घर से हो : मुकेश रंजन

महाप्रबंधक मुकेश रंजन ने कहा कि सुरक्षा केवल कार्यस्थल की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसकी शुरुआत घर से होती है. परिवार का सहयोग कार्यस्थल की कठिन परिस्थितियों को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने कहा कि सुरक्षित और स्वस्थ कार्य वातावरण के साथ उत्पादन लक्ष्य हासिल करना ही वास्तविक सफलता है. उन्होंने कर्मचारियों से स्वयंसेवा की भावना को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि सकारात्मक सामाजिक बदलाव के लिए कर्मचारी और समुदाय के लोग मिलकर काम करें. वेस्ट बोकारो की टीम को मजबूत बताते हुए आने वाले समय में उत्पादन लक्ष्य को और आगे बढ़ाने का विश्वास जताया.


सुरक्षा एवं अग्निशमन कर्मी सम्मानित

समारोह के दौरान सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवा के कर्मियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया और सचिव योगेंद्र सिंह ने भी समारोह को संबोधित किया. राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन के सचिव योगेंद्र सिंह ने कहा कि सभी के सहयोग से कंपनी लगातार प्रगति कर रही है. उत्पादन बढ़ाने के साथ सुरक्षा और नैतिकता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है. उन्होंने महिला कर्मचारियों सहित ट्रांसजेंडर कर्मचारियों के सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने तथा उनके हितों का भी ध्यान रखने की बात कही.

टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे

वहीं यूनियन अध्यक्ष मोहन महतो ने कहा कि माइनिंग क्षेत्र में कई चुनौतियां हैं, जिनका समाधान सामूहिक प्रयास से करना होगा ग्रामीणों के विकास के साथ बेरोजगारी दूर करने पर भी ध्यान देना जरूरी है. उन्होंने कर्मचारी आश्रितों और ग्रामीणों को रोजगार देने पर जोर दिया. मौके पर चीफ, कोल बेनिफिशिएशन आशुतोष कुमार, चीफ, कैपेसिटी एन्हांसमेंट प्रोजेक्ट राजेश कुमार समेत टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारी, यूनियन प्रतिनिधि, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे.

झंडा फहराते मुख्य अतिथि महाप्रबंधक मुकेश रंजन | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >