रामगढ़: छावनी परिषद रामगढ़ के सीईओ विवेक सिंह ने सार्वजनिक छावनी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया. पीपी मोड में अस्पताल का संचालन कर रही एजेंसी के अधिकारी डॉ सिद्धार्थ पांडेय से विभिन्न जानकारी ली.
सीईओ ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिये. पंजीकरण काउंटर पर मरीजों की भीड़ नहीं लगे, इसके लिए जल्द पर्ची काटने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. दवाओं के स्टॉक की जांच कर आवश्यक दवायें उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. पुरुष व महिला वार्ड, शौचालय समेत पूरे अस्पताल परिसर की नियमित साफ-सफाई कराने को कहा.
उन्होंने हाजिरी रजिस्टर की भी जांच की. स्वास्थ्यकर्मियों और पैरामेडिकल स्टाफ को मरीजों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी. अस्पताल के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी को नियमित रूप से वार्डों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया. मौके पर बोर्ड के कार्यालय अधीक्षक अनिल पासवान, चिकित्सक व कर्मी उपस्थित थे.
