रजरप्पा: भीम आर्मी (भारत एकता मिशन) रामगढ़ जिला कोर कमेटी की बैठक कोठार में हुई. बैठक में संगठन को मजबूत और विस्तारित करने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गयी. बैठक में जिला एवं प्रखंड के सभी पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और संविधान के मूल्यों को घर-घर तक पहुंचाया जायेगा. इसके लिए 15 अगस्त के बाद जिले के सभी प्रखंडों में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से मैदान में उतरेंगे.
संगठन के माध्यम से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी एवं माइनॉरिटी समाज के लोगों को एकजुट कर उनके अधिकार, सम्मान और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करने का निर्णय लिया गया. बैठक में मुख्य रूप से शामिल जिलाध्यक्ष संदीप कुमार रवि ने कहा कि बाबा साहेब के विचार हमारा संकल्प हैं. संविधान की रक्षा हमारी जिम्मेदारी है और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष जारी रहेगा.
अपनी बातों को आगे रखते हुए उन्होंने कहा कि संगठन को पंचायत और गांव स्तर तक मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी. बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भीम आर्मी कार्यालय में झंडोत्तोलन करने का निर्णय लिया गया. कार्यक्रम का संचालन धनेश्वर राम एवं धन्यवाद ज्ञापन महासचिव नंदकिशोर दास ने की.
मौके पर महेंद्र रविदास, तेजू रविदास, नंदकिशोर दास, जिला संगठन सचिव करण रविदास, संदीप कुमार रवि, बालेश्वर रविदास, अजय कुमार, अजय राम, किशोर कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
