अभिभावकों को मताधिकार करने के लिए जागरूक करने का आह्वान
रामगढ़ : विधानसभा चुनाव के लिए मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त संदीप सिंह के निर्देशानुसार मतदाता जागरूकता कोषांग मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए जागरूक कर रहा है. शुक्रवार को मतदाता जागरूकता कोषांग रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डिवाइन ओंकार मिशन स्कूल में स्वीप के तहत मॉक पोलिंग एक्सरसाइज कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
मॉक पोल एक्सरसाइज कार्यक्रम के दौरान स्कूल के बच्चों को चुनाव के दौरान होने वाले कार्यों की पूरी प्रक्रिया को आसानी से समझाने के लिए स्कूल के तीन छात्र व तीन छात्राओं को प्रत्याशियों के रूप में चुना गया. इसके बाद पार्टी चिह्न, मतदान पेटी व वोटर लिस्ट बना कर पूरे कार्यक्रम को वास्तविक चुनाव प्रक्रिया में होने वाले कार्यों का रूप दिया गया. चुनाव के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पीठासीन पदाधिकारी एवं मतदान पदाधिकारियों को भी स्कूली छात्रों में से ही नियुक्त किया गया.
सभी छात्र-छात्राओं ने पोस्टल बैलेट के माध्यम से मॉक मतदान कर चुनाव के दौरान होने वाली पूरी प्रक्रिया को वास्तविक रूप में समझा. छात्र-छात्राओं ने अपने अभिभावकों व अन्य लोगों को 12 दिसंबर को मतदान की तिथि के दिन मताधिकार करने के प्रति जागरूक करने की बात कही.
