रामगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने बैंक प्रबंधक के साथ की बैठक
भुरकुंडा : पटेल नगर स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के स्थानांतरण को रोकने के लिए प्रयास शुरू हो गया है.शुक्रवार को इस संबंध में रामगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने बैंक पहुंच कर प्रबंधक के साथ बैठक की. इस दौरान शाखा को यथावत बनाये रखने की मांग से संबंधित ज्ञापन भी प्रबंधक को सौंपा. बैठक के दौरान चेंबर के पदाधिकारियों ने व्यवसायियों को बैंक के स्थानांतरण के कारण होनेवाली परेशानी से अवगत कराया. अन्यत्र स्थानांतरित होने पर बैंक व व्यवसायी दोनों असुरक्षित होंगे. 45 वर्षों से यहां बैंक निर्बाध रूप से संचालित हो रहा है. ऐसे में बैंक प्रबंधन का यह फैसला ग्राहकों के हित में नहीं है.
बैंक प्रबंधक ने चैंबर के सुझावों पर मुहर लगाते हुए कहा कि बैंक के अन्यत्र चले जाने से बैंक का कारोबार प्रभावित होगा. इस बात से हेड ऑफिस को अवगत कराया जा चुका है. स्थानांतरण का कारण लीगल समस्या है. बैंक को भवन के स्वामी से एग्रीमेंट का रिन्यूअल कराना पड़ता है, जिसका समय पूरा हो गया है. लेकिन बैंक जिस जमीन पर स्थित है, उस जमीन की रसीद नहीं कट रही है. इसके कारण एग्रीमेंट रिन्यूअल नहीं हो पा रहा है.
ऐसे में हेड ऑफिस से 31 मार्च से पहले बैंक को अन्यत्र शिफ्ट करने का आदेश जारी हुआ है. इसके लिए विज्ञापन निकाला गया था. हालांकि प्रबंधक ने चेंबर की मांग को जोनल मैनेजर के पास पहुंचाने की बात कही. तय हुआ कि जोनल मैनेजर के साथ बहुत जल्द मसले पर भुरकुंडा ब्रांच में ही चेंबर की मीटिंग आयोजित करायी जायेगी.
यहां रसीद कटने की समस्या को दरकिनार कर एग्रीमेंट रिन्यूअल करने का आग्रह किया जायेगा. बैठक में प्रबंधक मयंकधर तिवारी, चेंबर अध्यक्ष अनूप सिंह, पूर्व अध्यक्ष अधिवक्ता आनंद अग्रवाल, प्रवीण राजगढ़िया, संजीव चड्ढा, मुरारीलाल अग्रवाल, विनय कुमार सिंह, अमरेश सिंह, श्याम किशोर सिंह, दिलीप अग्रवाल, अशोक सोनी सहित भाजपा नेता डॉ संजय सिंह, सूरज शर्मा, रवींद्र सिन्हा शामिल थे.
