पलामू में मातम: यूपी हादसे में मरे 5 युवकों के शव पहुंचते ही रोया मेदिनीनगर, एक साथ उठीं चार अर्थियां

UP Road Accident: उत्तर प्रदेश में हुए सड़क हादसे में पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के 5 युवकों की मौत हो गई. यूपी के किछौछा शरीफ से लौटने के दौरान हुआ ये हादसा हुआ, जिससे पूरे शहर में मातम पसर गया. पढ़ें, कैसे ये सड़क दुर्घटना हुई और मेदनीनगर की अभी क्या है स्थिति?

पलामू से राकेश पाठक की रिपोर्ट

UP Road Accident, पलामू : उत्तर प्रदेश के देवगांव कोतवाली थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में पलामू के पांच लोगों की मौत के बाद जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में गम का माहौल है. शनिवार की देर रात सभी मृतकों के शव जैसे ही मेदिनीनगर पहुंचे, परिजनों की चीत्कार से पूरा इलाका गूंज उठा. रविवार की सुबह जनाजे की नमाज के बाद चार मृतकों के शवों को हमीदगंज मोहल्ला स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया. इस अंतिम विदाई में पूरे शहर से भारी संख्या में लोग शामिल हुए. इस हृदयविदारक घटना से शहर का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है. क्या हिंदू, क्या मुस्लिम, हर धर्म के लोग इस घटना से मर्माहत हैं। मृतकों का शव आने के बाद नगर निगम के डिप्टी मेयर मनोज सिंह, झामुमो जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा और नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सहित कई सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के लोग पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया.

शादी के बाद किछौछा शरीफ दर्शन करने गए थे सभी दोस्त

इस दर्दनाक हादसे की पृष्ठभूमि में खुशियों का माहौल था जो पल भर में मातम में बदल गया. जानकारी के मुताबिक, मेदिनीनगर के पहाड़ी और कुंड मोहल्ला के रहने वाले ये लोग 11 जून को कार से बिहार के डेहरी में आयोजित एक बारात में शामिल होने गए थे. वहां शादी का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी दोस्त उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल किछौछा शरीफ जियारत के लिए चले गए. शुक्रवार की रात जब वे लोग दर्शन कर वापस मेदिनीनगर लौट रहे थे, तभी हाइवे पर विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने आम नागरिकों की मदद से कार में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला. हादसे में गंभीर रूप से घायल कुंड मोहल्ला निवासी अजमल आलम को तुरंत इलाज के लिए बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद शनिवार को उन्होंने भी दम तोड़ दिया.

Also Read: गुमला-लोहरदगा को बड़ी सौगात, 291 KM नई लाइन मंजूर, सांसद सुखदेव भगत के प्रयास लाए रंग

चार दोस्तों का एक साथ निकला जनाजा

रविवार की सुबह सात बजे मेदिनीनगर की छोटी मस्जिद के पास सबसे पहले जनाजे की नमाज अदा की गई. इसके बाद हाफिज रज्जाक, एमडी कैश, शोहराब राइन और अरबाज का एक साथ जनाजा निकाला गया. चारों दोस्तों की अर्थी एक साथ उठते देख वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गई. भारी मन से चारों को हमीदगंज कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया. इस मौके पर अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन कमेटी के सदर मुस्तफा कमाल, मुमताज खान, मुहर्रम इंतजामियां कमेटी जेनरल के सदर जीशान खान, पलामू जिला हज कमेटी के सदर मोहम्मद रजीउद्दीन, कमाल खान और आसीफ राइन उर्फ मोनू सहित हजारों की तादाद में लोग मौजूद रहे. वहीं, वाराणसी से देर से शव आने के कारण कुंड मोहल्ला निवासी पांचवें मृतक अजमल आलम के शव की मिट्टी मंजिल (अंतिम संस्कार) शाम चार बजे जनाजे की नमाज के बाद तय की गई है. इस घटना से मृतकों के परिवार, रिश्तेदारों के साथ-साथ पूरा पलामू जिला सदमे में है.

Also Read: मंईयां सम्मान योजना: पूर्वी सिंहभूम की 2.86 लाख लाभुकों के खातों में जल्द पहुंचेगी राशि, प्रक्रिया शुरू

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >