शिवेंद्र कुमार की रिपोर्ट
Palamu News: पलामू पुलिस ने एक छोटी बच्ची के गले से सोने का लॉकेट छीनने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में दो सगे भाई भी शामिल हैं. पुलिस ने उनके पास से लूटा गया सोने का लॉकेट बरामद कर लिया है. आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ राजेश यादव और शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवाह ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया.
पंजाब नेशनल बैंक के पास हुई थी छिनतई
पुलिस के अनुसार यह घटना मंगलवार की रात बाजार क्षेत्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक के समीप हुई थी. एक बच्ची अपने पिता के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर जा रही थी. इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने बच्ची के गले में पहना सोने का लॉकेट काटकर छीन लिया और मौके से फरार हो गए. घटना के दौरान बच्ची को भी चोट लगी थी. अचानक हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई थी. परिजनों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी.
तीन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल 19 वर्षीय सानू आलम, 21 वर्षीय समीर आलम और 22 वर्षीय सूर्य प्रताप कुमार उर्फ अमन कुमार को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से सोने के दो लॉकेट भी बरामद किए हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सानू आलम और समीर आलम आपस में सगे भाई हैं. दोनों वर्तमान में पहाड़ी मोहल्ला में किराये के मकान में रहते थे, जबकि उनका पैतृक गांव हरिहरगंज थाना क्षेत्र में है.
हरिहरगंज से दबोचे गए दोनों भाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि घटना को अंजाम देने के बाद दोनों भाई अपने पैतृक गांव हरिहरगंज चले गए हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया. वहीं तीसरे आरोपी सूर्य प्रताप कुमार उर्फ अमन कुमार को भी गिरफ्तार किया गया. वह साहित्य समाज चौक स्थित बड़ा तालाब क्षेत्र का रहने वाला है. तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद कई महत्वपूर्ण जानकारियां पुलिस को मिली हैं.
पूछताछ में अन्य घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार
एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने शहर में हुई चोरी और छिनतई की अन्य घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस अब उन मामलों की भी जांच कर रही है और आरोपियों से जुड़े अन्य तथ्यों को खंगाल रही है. पुलिस का मानना है कि यह गिरोह सुनसान स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों को निशाना बनाकर छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता था. गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.
पहले भी जेल जा चुका है एक आरोपी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सानू आलम का आपराधिक इतिहास रहा है. वह सितंबर 2025 में भी एक आपराधिक मामले में जेल जा चुका है. इसके बावजूद वह अपराध की दुनिया से नहीं निकला और दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया. पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं ताकि उनके खिलाफ लंबित मामलों की जानकारी जुटाई जा सके.
इसे भी पढ़ें: वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर का भाजपा पर हमला, राज्यसभा चुनाव में हॉर्स ट्रेडिंग की जताई आशंका
स्वास्थ्य जांच के बाद भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को एमएमसीएच में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए ले जाया गया. चिकित्सकीय जांच पूरी होने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
इसे भी पढ़ें: दोस्त से पैसा मांगना पड़ा महंगा, षड्यंत्र रचकर पारा शिक्षक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
