सतबरवा,पलामू: सदर प्रखंड क्षेत्र के पीएम श्री राजकीयकृत महात्मा गांधी प्लस टू उच्च विद्यालय सरजा में तीन दिवसीय खेलो झारखंड खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गयी. इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया. प्रतियोगिता के दौरान 400 मीटर दौड़, कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल और रस्सा-कस्सी समेत विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता के समापन के बाद सफल प्रतिभागियों के बीच पुरस्कार का वितरण किया गया.
विद्यालय के एचएम जयशंकर प्रसाद सोनी ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना विकसित करना है. उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग है. यह केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच, अनुशासन और व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है.
उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल पर भी ध्यान देने की अपील की. कहा कि शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेल जरूरी है. प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला.
मौके पर किंदा तिर्की, कमरून खातून, चंचल कुमारी, शोभा कुमारी, संजीत कुमार पासवान, रंजीत कुमार शुक्ला, पुष्पा कुमारी समेत विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद थे.
