सदर प्रखंड के 10 पंचायतों में 966 अबुआ आवास अधुरा, लाभुक परेशान

पलामू के सदर प्रखंड में फंड की कमी के कारण 966 अबुआ आवास अधूरे पड़े हैं। समय पर किस्त न मिलने से गरीब लाभुक काफी परेशान हैं। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

मेदिनीनगर,पलामू: गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा संचालित अबुआ आवास योजना राशि के अभाव में अपने उद्देश्य को हासिल नहीं कर पा रही है. पलामू जिले के सदर प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में कई आवास निर्माण कार्य राशि के अभाव में अधूरे पड़े हैं. लाभुक दूसरी और तीसरी किस्त के साथ कई मामलों में अंतिम किस्त का इंतजार कर रहे हैं.

जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 में सदर प्रखंड की 10 पंचायतों के 1304 लाभुकों को अबुआ आवास योजना के तहत आवास निर्माण की स्वीकृति दी गयी थी. लाभुकों को प्रथम किस्त की राशि मिलने के बाद उन्होंने आवास निर्माण शुरू किया. निर्माण कार्य की प्रगति के आधार पर जियो टैगिंग भी की गयी, लेकिन इसके बाद कई लाभुकों को समय पर अगली किस्त की राशि नहीं मिल सकी.

2023-24 में 275 आवास अब भी अधूरे

वित्तीय वर्ष 2023-24 में चियांकी, जमुने, जोड़, रजवाडीह, सुआ, कौड़िया, सरजा, पोलपोल कला, लहलहे और झाबर पंचायत में 574 लाभुकों को आवास की स्वीकृति दी गयी थी. इनमें 563 लाभुकों को प्रथम किस्त की राशि मिली. इसके बाद 491 लाभुकों को दूसरी किस्त और 337 लाभुकों को तीसरी किस्त की राशि का भुगतान किया गया.

रिपोर्ट के अनुसार, इनमें 288 लाभुकों ने आवास निर्माण पूरा कर लिया है. वहीं, राशि के अभाव में 275 लाभुकों के आवास अब भी अधूरे हैं. आवास पूर्ण करने वाले कई लाभुकों को अंतिम किस्त की राशि भी नहीं मिली है.

यह भी पढ़ें : राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने मनाया सद्भावना दिवस, नेताओं ने किया योगदान को याद

2024-25 में भी किस्त का इंतजार

वित्तीय वर्ष 2024-25 में सदर प्रखंड की सभी 10 पंचायतों से 741 लाभुकों को आवास योजना के लिए चिन्हित कर स्वीकृति दी गयी. इन सभी लाभुकों को प्रथम किस्त की राशि का भुगतान किया गया. इसके बाद 251 लाभुकों को दूसरी किस्त और 71 लाभुकों को तीसरी किस्त की राशि मिली.

इस अवधि में 50 लाभुकों ने आवास निर्माण पूरा कर लिया है, लेकिन वे अंतिम किस्त की राशि का इंतजार कर रहे हैं.

राशि का अभाव बना बाधक

रजवाडीह पंचायत के मुखिया अनुज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सरकार ने लाभुकों को प्रथम किस्त की राशि उपलब्ध करायी थी. इससे काम पूरा करने के बाद लाभुकों ने दूसरी किस्त के लिए आवेदन किया, लेकिन कई लाभुकों को राशि का भुगतान नहीं हो सका. राशि के अभाव में दोनों वित्तीय वर्षों में स्वीकृत कई आवास अधूरे हैं.

मुखिया दुलारी देवी, प्रभा देवी, कुमारी अंजना सिंह, विंको उरांव और अलका कुमारी समेत अन्य ने भी समय पर किस्त का भुगतान नहीं होने को आवास अधूरा रहने का कारण बताया. लाभुकों का कहना है कि समय पर राशि मिलती तो आवास निर्माण पूरा हो जाता.

सुआ पंचायत की लाभुक आरती देवी, सुषमा देवी समेत अन्य ने बताया कि किस्त की राशि नहीं मिलने के कारण आवास अधूरा है. लाभुकों ने कहा कि वे प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाकर थक चुके हैं, लेकिन अब तक राशि का भुगतान नहीं हो सका है.

यह भी पढ़ें : पलामू के हरिहर गंज में बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मिला मंच, राखी बनाओ प्रतियोगिता में दिखाया हुनर

क्या कहते हैं बीडीओ

सदर प्रखंड के बीडीओ जागो महतो ने बताया कि अबुआ आवास योजना मद में राशि आवंटन के अभाव में अधिकांश आवास पूर्ण नहीं हो सके हैं. राज्य सरकार से प्राप्त राशि का भुगतान लाभुकों के खाते में किया जाता है. पिछले कई माह से राशि का भुगतान नहीं हो पाया है. राशि आवंटन के लिए सरकार को पत्र भेजा गया है. आवंटन प्राप्त होने के बाद लाभुकों को किस्त की राशि का भुगतान किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >