पाटन से रामनरेश तिवारी की रिपोर्ट
Palamu News: रामनवमी को लेकर झारखंड के पलामू जिले में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. त्योहार के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या हुड़दंग को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस की नजर हर गतिविधि पर बनी हुई है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.
एसडीपीओ के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च
सोमवार शाम अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राजेश यादव के नेतृत्व में पाटन प्रखंड के करीब दो दर्जन गांवों में फ्लैग मार्च निकाला गया. इस दौरान पुलिस बल ने विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया और शांति बनाए रखने की अपील की.
इन गांवों में पहुंची पुलिस टीम
फ्लैग मार्च पाटन थाना से शुरू होकर सेमरी, केल्हार, भंडार टोला, सगुना, कुंदरी, बसदह, पाल्हेकला, गम्हेथा, सुठा, लोइंगा, मनिका, किशुनपुर, सिरमा, संडा, कारीहार, हिसरा बरवाडीह, कांकेकला, बरसैता और सिक्किकला समेत कई गांवों तक पहुंचा. पुलिस ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर त्योहार को भाईचारे के साथ मनाने की अपील की.
सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील
एसडीपीओ राजेश यादव ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने दोनों समुदायों से अपील की कि वे आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं. उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस किसी भी धर्म या जाति के त्योहार में बाधा नहीं बनना चाहती, लेकिन कानून व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है.
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस निरीक्षक सुरेश कुमार मंडल ने कहा कि त्योहार के दौरान ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अगर कोई पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सभी जवानों को मोबाइल चालू रखने और हर सूचना पर सतर्क रहने का निर्देश दिया.
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर
थाना प्रभारी शशिशेखर पांडेय ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर विशेष नजर रखी जा रही है. यदि कोई व्यक्ति भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करता है, तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें.
त्योहार के दिन सख्ती से लागू होंगे नियम
थाना प्रभारी ने साफ किया कि त्योहार के दिन किसी भी तरह का बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा. सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से पालन करें. सुरक्षा व्यवस्था में कोई भी चूक नहीं होनी चाहिए.
पिछली घटनाओं से सबक लेकर तैयारी
गौरतलब है कि मुहर्रम के दौरान दो पक्षों के बीच झड़प की घटना सामने आई थी. इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार पुलिस प्रशासन पहले से ज्यादा सतर्क है. किसी भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की गई है.
इसे भी पढ़ें: रामनवमी जुलूस के दौरान धनबाद में नहीं होगी बिजली गुल, जेबीवीएनएल का स्पेशल प्लान तैयार
कई अधिकारी और जवान रहे मौजूद
इस फ्लैग मार्च में पुलिस निरीक्षक सुरेश कुमार मंडल, थाना प्रभारी शशिशेखर पांडेय, पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव, एएसआई विष्णु कुजूर, मिथुन कुमार रवि, महेंद्र रजक, प्रभात किरण और कृष्ण कुमार प्रजापति समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल और ग्रामीण पुलिस के जवान मौजूद रहे. प्रशासन का उद्देश्य स्पष्ट है कि रामनवमी का त्योहार पूरी शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हो.
इसे भी पढ़ें: पलामू के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज के 5 विभाग में होगी पीजी की पढ़ाई, 20 सीटों पर एडमिशन
