मेदिनीनगर. चैनपुर के शास्त्री नगर गुरहा स्थित स्वामी विवेकानंद गुरुकुलम विद्यालय में वार्षिकोत्सव सह शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. समारोह में शिक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता, कला और मनोरंजन का समागम देखने को मिला.
विद्यालय के निदेशक जफर हुसैन, प्राचार्य डॉ मोबिउद्दीन कुरैशी, उप प्राचार्या सजिया परवीन सहित अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया. समारोह का विशेष आकर्षण विद्यालय के छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा. बच्चों ने बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों को केंद्र में रखकर प्रभावशाली प्रस्तुति दी. नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज को इन कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने और इनके उन्मूलन के लिए आगे आने का संदेश दिया गया. बच्चों की प्रस्तुति की उपस्थित लोगों ने सराहना की.
इस दौरान जादूगर ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर बच्चों और अभिभावकों का मनोरंजन किया. जादू के विभिन्न करतब देखकर बच्चे रोमांचित हो उठे. बच्चों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकार का उत्साह बढ़ाया.
समारोह में विद्यालय के निदेशक जफर हुसैन ने विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ खेलकूद और कला के क्षेत्र में भी आगे बढ़ाना है. बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास जारी है. विद्यालय अपने उद्देश्यों को पूरा करने के लिए अनुभवी और योग्य शिक्षकों की टीम के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा निखारने में जुटा है.
समारोह में बेहतर योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया. मौके पर शिक्षक, अभिभावक और काफी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे.
