Palamu Cylinder Blast, पलामू (चंद्रशेखर सिंह): पलामू के मेदिनीनगर शहर में हुए एलपीजी सिलेंडर विस्फोट मामले में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. बैरिया चौक स्थित इंडियन गैस एजेंसी के डीलर का लाइसेंस निलंबित कर दिया है. उपायुक्त समीरा एस ने इससे संबंधित निर्देश जारी कर दिया है. दूसरी तरफ पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने इस घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में टीओपी-3 के प्रभारी और वहां तैनात सभी जवानों को निलंबित कर दिया है.
एलपीजी सिलेंडर में अचानक हो गया विस्फोट
रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे बैरिया चौक स्थित अजय कुमार साव के घर में रखे एलपीजी सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया था, जिससे वहां आग लग गयी थी. इसमें गैस एजेंसी के कंप्यूटर ऑपरेटर मुकेश कुमार समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गये थे. घायलों में कुटमू निवासी आलोक कुमार, लातेहार के विक्रम कुमार सिंह और धर्मेंद्र कुमार सिंह शामिल थे. सभी को पहले मेदिनीनगर के एमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया.
Also Read: Deoghar: बदहाल डंपिंग यार्ड देख भड़के मेयर रवि राउत, ठेकेदार पर होगी कार्रवाई
निचले फ्लोर पर अवैध रूप से रखा गया था गैस सिलेंडर
बताया जाता है कि अजय कुमार साव के घर के निचले फ्लोर पर अवैध रूप से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर स्टॉक कर रखे गये थे. फायर ब्रिगेड कर्मियों के अनुसार वहां करीब 20 भरे हुए और 40 से 50 खाली सिलेंडर रखे थे. इसी मकान में गैस एजेंसी के संचालक अजय कुमार साव भी रहते हैं. घटना के समय वह कुटमू गये हुए थे. सिलेंडर विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. आग बुझाने के लिए अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियों को लगाया गया. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. हालांकि आग लगने से घर में रखा सामान जलकर राख हो गया और एस्बेस्टस से बना मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था और आसपास के कई घर इसकी चपेट में आ सकते थे.
क्यों टीओपी प्रभारी और जवानों को एसपी ने किया सस्पेंड
जानकारी के मुताबिक घटना के समय टीओपी-3 के प्रभारी और जवान ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे. इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने पदाधिकारी समेत सभी जवानों को निलंबित कर दिया. साथ ही पिपरा ओपी प्रभारी मंटू सिंह को टीओपी-3 का नया प्रभारी बनाया गया है.
Also Read: रांची के चुटिया में धूमधाम से होगी शिव मंडा पूजा, राजकुमार महतो बने समिति के अध्यक्ष
