मेदिनीनगर. नगर निगम क्षेत्र के बैंक कॉलोनी स्थित वनवासी कल्याण केंद्र के जिला कार्यालय में मेदिनीनगर महानगर समिति की कार्यकारिणी की पहली बैठक हुई. बैठक में कई बिंदुओं पर चर्चा की गयी. अध्यक्षता महानगर समिति के अध्यक्ष मदन मोहन पांडेय ने की. संचालन सचिव प्रमोद केसरी ने किया.
बैठक में कार्यकर्ताओं के दायित्व बोध प्रशिक्षण वर्ग को लेकर विचार-विमर्श किया गया. तय किया गया कि 25 अक्तूबर को चैनपुर प्रखंड के बभंडी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जायेगा. बैठक में वनवासी कल्याण केंद्र झारखंड के प्रांत संगठन मंत्री सुशील मरांडी, लोक कला मंडल के प्रांत प्रमुख देवनंदन सिंह और अखिल भारतीय वनवासी कल्याण केंद्र के श्रद्धा जागरण के सह प्रमुख महरंग उरांव अतिथि के रूप में शामिल हुए.
मुख्य अतिथि सुशील मरांडी ने कहा कि वनवासी कल्याण केंद्र का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज को शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर आत्मनिर्भर बनाना है. साथ ही उन्हें देश की मुख्यधारा से जोड़ते हुए जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के साथ उनकी संस्कृति और धर्म को संरक्षित करना है. इसी उद्देश्य से संस्था जनजातीय समाज के बीच कई तरह की गतिविधियां संचालित करती है. वनवासी समाज की दशा में सुधार के लिए शहरवासियों को सक्रिय सहयोग करने की आवश्यकता है.
उन्होंने कहा कि वनवासी कल्याण केंद्र का कार्यक्षेत्र भले ही सुदूर आदिवासी और जनजातीय क्षेत्र हो, लेकिन संगठन नगरीय क्षेत्रों में भी महत्वपूर्ण कार्य करता है.
अखिल भारतीय वनवासी कल्याण केंद्र के श्रद्धा जागरण के सह प्रमुख महरंग उरांव ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी जनजातीय समाज की दशा में अपेक्षित बदलाव नहीं आया है. उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में रहने वाले लोग जब वनवासी समाज के साथ अपनापन का भाव रखेंगे, तो निश्चित रूप से उनके सर्वांगीण विकास में मदद मिलेगी.
मौके पर जिला सचिव अश्विनी मिश्रा, महानगर समिति के संरक्षक रमेशचंद्र द्विवेदी, विभाग संगठन मंत्री राजेश्वर उरांव, सह सचिव संतोष कुमार दास, दीपक वर्मा, मीडिया प्रभारी ओम प्रकाश, महेंद्र प्रसाद, कपिलदेव शर्मा, राजेश कुमार सहित कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद थे.
