पलामू : श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया बलराम जी का जन्मोत्सव

मेदिनीनगर में इस्कॉन द्वारा भगवान बलराम का जन्मोत्सव श्रद्धा के साथ मनाया गया। वृंदावन से आए वक्ता ने बलराम जी के जीवन दर्शन और पराक्रम की कथा सुनाई।

राकेश पाठक की रिपोर्ट

मेदिनीनगर. पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर में आध्यात्मिक संस्था इस्कॉन की ओर से भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भाई प्रभु बलराम का पावन जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया. नगर निगम क्षेत्र के पुलिस लाइन रोड स्थित हरे कृष्णा निवास के सत्संग हॉल में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए.

वृंदावन के अभिराम दास ने सुनायी बलराम जी की कथा

कार्यक्रम की शुरुआत पूजन और आरती से हुई. इसके बाद हरिनाम संकीर्तन किया गया. संकीर्तन के बाद भगवान बलराम के जीवन और व्यक्तित्व पर कथा आयोजित हुई. वृंदावन से पहुंचे संस्था के प्रचारक अभिराम दास ने कथा प्रस्तुत की. उन्होंने प्रभु बलराम के अवतरण, जीवन दर्शन और उनके महान व्यक्तित्व व कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला.

शक्ति, ज्ञान और धर्म के प्रतीक हैं बलराम

अभिराम दास ने कहा कि भगवान बलराम के जन्म और पराक्रम की कथा अत्यंत दिव्य और प्रेरणादायी है. उनके जीवन से जुड़ी कथाएं मानव जीवन को सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं. उन्होंने बताया कि भगवान बलराम को भगवान विष्णु के सेवक शेषनाग का अवतार माना जाता है. वे शक्ति, ज्ञान और धर्म के प्रतीक हैं.

वे रोहिणी नंदन और संकर्षण नाम से प्रसिद्ध

कथा में बताया गया कि भगवान बलराम देवकी के सातवें गर्भ में आये थे. भगवान विष्णु के आदेश पर देवी योगमाया ने देवकी के गर्भ को आकर्षित कर गोकुल में रोहिणी के गर्भ में स्थापित कर दिया था. इसी कारण वे रोहिणी नंदन और संकर्षण नाम से प्रसिद्ध हुए. महर्षि गर्ग ने उनके अद्भुत बल और साहस को देखते हुए उनका नाम बलराम रखा.

ये भी पढ़ें: JPSC घोटाला : यूपी परीक्षा घोटाले के आरोपी से कराया JPSC में खेल, OMR शीट में गड़बड़ी कर बनायी घोटाले की योजना

धेनुकासुर और प्रलंबासुर का किया था वध

कथा के दौरान बलराम जी की वीरता का भी वर्णन किया गया. बताया गया कि उन्होंने धेनुकासुर और प्रलंबासुर जैसे असुरों का वध किया था. वक्ता ने कहा कि प्रभु बलराम ने सत्य और न्याय का संदेश दिया. उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने की आवश्यकता है.

कथा और आरती के बाद भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया और भक्तों के बीच प्रसाद वितरित किया गया. कार्यक्रम में संजय पांडेय, कालिंद्र सिंह, विकास सिंह, सुशील, सौरभ, आमोद, अर्पण, पप्पू सोनी, प्रमोद तिवारी, अरविंद नाभ, काजल, अनामिका, एकता, छोटी, मनीषा प्रिया सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >