Jharkhand Budget: राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने अबुआ दिशोम बजट 2026-27 मंगलवार को विधानसभा में पेश किया. वित्त मंत्री ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दूरदर्शी सोच वाला बताया. मंत्री श्री किशोर ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से पलामू जिले में सिंचाई, लाह उत्पादन, पर्यटन के विकास व बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पर विशेष ध्यान दिया गया है. बजट में पलामू जिले के अमानत नदी पर अमानत बराज योजना की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त करते हुए अगले तीन वर्षों में इस योजना को पूरा करने की बात कही गयी है.
इस योजना के पूर्ण होने से जिले के पांकी, पाटन और मनातू प्रखंड के 13 हजार हेक्टेयर भूमि में सिंचाई की सुविधा प्राप्त होगी. सिंचाई के क्षेत्र में 1137 करोड़ का योजना का प्रस्ताव तैयार किया गया है.
इसके साथ ही पलामू वन प्रमंडल के कुंदरी लाह फॉर्म का जीर्णोद्धार व विकास कार्य किया जायेगा. कैंसर रोग की पहचान के लिए मेदिनीराय मेडिकल कालेज सहित सभी पांच सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में पेट सीटी स्कैन मशीन लगाया जायेगा. राज्य के सभी 24 जिला सदर अस्पताल मे ब्रेस्ट कैंसर रोग की पहचान के लिए मैमोग्राफी मशीन लगाया जायेगा. वित्तीय वर्ष 2026-27 में लातेहार जिला के नेतरहाट में कोयल व्यू प्वाइंट पर ग्लास वॉच टावर का निर्माण व मैग्नोलिया प्वाइंट में स्काईवॉक का निर्माण कराया जायेगा.
पलामू जिला के मलय डैम का पर्यटकीय विकास किया जायेगा. वित मंत्री श्री किशोर ने कहा कि पलामू सहित राज्य के विकास को लेकर राज्य सरकार संकल्पित है.
ये भी पढ़ें…
Air Ambulance Crash: 8 लाख रुपये उधार लेकर ईलाज कराने गए थे संजय, घर लौटा शव
Air Ambulance Crash: रात भर हादसे वाली जगह जमे रहे डीसी-एसपी, DGCA जुटा रहा सबूत
