तरहसी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेदिनीनगर ले जाने के दौरान रास्ते में खत्म हुआ ईंधन, ग्रामीणों ने व्यवस्था पर उठाये सवाल
मेदिनीनगर,पलामू: पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के मिसिर पतरा गांव निवासी 30 वर्षीय आशीष कुमार की करंट लगने से मौत हो गयी. वह तरहसी में एक घर में समरसेबल पंप की मरम्मत कर रहा था. इसी दौरान अचानक बिजली का करंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन और ग्रामीण उसे तरहसी अस्पताल ले गये, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एंबुलेंस से मेदिनीनगर एमएमसीएच रेफर किया गया.
ग्रामीणों के अनुसार, मेदिनीनगर ले जाने के दौरान रास्ते में एंबुलेंस का ईंधन खत्म हो गया. इसके कारण एंबुलेंस काफी देर तक रास्ते में रुकी रही. बाद में आशीष को मेदिनीनगर एमएमसीएच पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
ग्रामीणों ने व्यवस्था पर उठाये सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि करंट लगने के बाद तरहसी अस्पताल में आशीष को पर्याप्त उपचार और ऑक्सीजन की सुविधा नहीं मिल सकी. इसके बाद मेदिनीनगर ले जाने के दौरान एंबुलेंस का ईंधन खत्म हो गया. ग्रामीणों का कहना है कि इलाज में हुई देरी के कारण उसकी जान नहीं बचायी जा सकी.
दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
आशीष परिवार का एकमात्र कमाने वाला था. उसके दो छोटे बच्चे हैं. उसकी मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है.
