हरिहरगंज. अखिल भारतीय किसान सभा एवं खेत मजदूर यूनियन के बैनर तले सोमवार को किसान-मजदूरों ने विभिन्न जनसमस्याओं व भ्रष्टाचार के विरोध में हरिहरगंज प्रखंड मुख्यालय पर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के बाद प्रखंड कार्यालय का घेराव करते हुए बीडीओ व सीओ के नाम 20 सूत्री मांग पत्र सौंपा. संगठन के राष्ट्रीय सचिव केडी सिंह एवं खेत मजदूर यूनियन के अध्यक्ष जनेश्वर भुइयां द्वारा जारी मांग पत्र में गांवों में विशेष शिविर लगाकर जमीन का म्यूटेशन एवं ऑनलाइन रसीद निर्गत करने, किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, इंजीनियरिंग व डिग्री कॉलेज के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा गैरमजरूआ जमीन पर काबिज गरीब परिवारों को बासगीत पर्चा देने, पेंशन योजनाओं में घूसखोरी पर रोक लगाने, प्रवासी मजदूरों का पंजीकरण करने, मनरेगा मजदूरों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने, कृषि ऋण की सीमा बढ़ाने, महिलाओं के लिए सार्वजनिक शौचालय निर्माण तथा छोटकी कैनाल की सफाई कराने की मांग भी उठायी गयी. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रखंड क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार से आम जनता परेशान है.प्रदर्शन में अमेन्द्र पासवान, रामवृक्ष मेहता, प्रसाद भुइयां, विमल भुइयां, शिवपूजन भुइयां, रामप्रवेश भुइयां, उर्मिला देवी, प्रमिला देवी, जगिया देवी, कौशल्या देवी, सुमित्रा देवी सहित काफी संख्या में किसान, मजदूर एवं महिलाएं शामिल थी.
भ्रष्टाचार के खिलाफ किसान-मजदूरों का प्रदर्शन, 20 सूत्री मांग पत्र सौंपा
भ्रष्टाचार के खिलाफ किसान-मजदूरों का प्रदर्शन, 20 सूत्री मांग पत्र सौंपा
