साधु के भेष में आये ठगों ने महिला को लूटा, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

पलामू में साधु बनकर आए ठगों ने महिला को अनहोनी का डर दिखाकर सोने-चांदी के गहने और पैसे लूटे। ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।

पलामू: पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में साधु के वेश में आये दो ठगों ने एक महिला को अपनी ठगी का शिकार बनाया है. ठगों ने परिवार में अनहोनी घटना घटने का डर दिखाया और पूजा-पाठ का झांसा देकर हजारों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण सहित पांच हजार रुपये ठग लिए. इस संबंध में भुक्तभोगी महिला ने छतरपुर थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.

महिला को अकेला पाकर अनहोनी का दिखाया डर

जानकारी के अनुसार, हरिहरगंज थाना क्षेत्र के पचमो निवासी उदय यादव की पत्नी सुनैना देवी शनिवार को घर पर अकेली थीं. इसी दौरान साधु के भेष में दो अज्ञात लोग उनके घर पहुंचे. महिला को अकेला पाकर दोनों ठगों ने उन्हें अपने झांसे में ले लिया. ठगों ने महिला से कहा कि उनके परिवार पर भारी संकट आने वाला है और किसी सदस्य की मृत्यु भी हो सकती है. इस अनहोनी को टालने के लिए उन्होंने तुरंत पूजा-पाठ शुरू करने की बात कही.

ऑनलाइन ट्रांसफर कराये रुपये, जेवर भी ले उड़े

बातों-बातों में झांसा देकर ठगों ने महिला के मोबाइल से पांच हजार रुपये किसी अन्य खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए. इसके बाद पूजा की आड़ में घर में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण भी समेटे और वहां से रफूचक्कर हो गये. ठगों के जाने के बाद जब महिला को ठगी का अहसास हुआ, तो उसने शोर मचाया और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी.

ग्रामीणों ने खदेड़कर बारा गांव से पकड़ा

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण सक्रिय हो गये. उन्होंने महिला द्वारा बताये गये हुलिए के आधार पर ठगों की तलाश शुरू की. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को छतरपुर थाना क्षेत्र के बारा गांव से धर दबोचा. इसके बाद दोनों को पकड़कर छतरपुर थाना लाया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया.

पुलिस कर रही है मामले की जांच

मामले को लेकर छतरपुर थाना प्रभारी सौरव चौबे ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. फिलहाल आरोपियों के पास से ठगे गये आभूषण बरामद नहीं हुए हैं. इसके साथ ही मोबाइल के जरिए ट्रांसफर किये गए रुपयों के ट्रांजैक्शन की भी गहनता से जांच की जा रही है. जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >