छतरपुर से निखिल सिन्हा की रिपोर्ट
Palamu News: झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. छतरपुर-जपला मुख्य पथ स्थित लरमी घाटी में टेंपो और तेज रफ्तार बाइक की सीधी टक्कर में आठ लोग घायल हो गये. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. घायलों में कुछ की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर किया गया.
दाह संस्कार में शामिल होने जा रहे थे लोग
जानकारी के अनुसार, हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सेमरबार गांव निवासी धर्मेंद्र पासवान, बसंत पासवान, कौशल्या देवी, रजवा कुंवर, मीरा देवी, रिंकू देवी और पूनम देवी समेत अन्य लोग टेंपो से हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के ऊपरी गांव जा रहे थे. बताया जा रहा है कि सभी लोग अपने एक रिश्तेदार के घर दाह संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे. इसी दौरान शनिवार सुबह करीब सात बजे लरमी घाटी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से टेंपो की आमने-सामने की टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे के बाद टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. दुर्घटना में बाइक सवार समेत टेंपो में बैठे लोग घायल हो गये.
टेंपो पलटने से महिलाएं और बच्चे भी हुए घायल
हादसे के बाद टेंपो पलटने से उसमें सवार महिलाओं और बच्चों को भी गंभीर चोटें आईं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए टेंपो में फंसे घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद की. स्थानीय लोगों की सक्रियता के कारण घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी.
इसे भी पढ़ें: जामताड़ा में मंईयां सम्मान योजना में गड़बड़झाला, कहीं नाबालिग तो बंगाल के निवासी ले रहे पैसा
चार घायलों को किया गया मेदिनीनगर रेफर
छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों की हालत गंभीर पाई गई. इसके बाद डॉक्टरों ने धर्मेंद्र पासवान, पूनम देवी, रजवा कुंवर और नीरा देवी को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया. मिली जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र पासवान और पूनम देवी की स्थिति ज्यादा गंभीर बताई जा रही है. डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. इस सड़क हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित इलाकों में सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: बकरीद के मौके पर सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट किए तो खैर नहीं, अब होगी सख्त कार्रवाई
