प्रतिनिधि, मेदिनीनगर
पलामू पुलिस प्रशासन ने गुरुवार को पुलिस लाइन मैदान में आयोजित एक सादे समारोह में 36 नयी बाइक जवानों को सौंपी. डीआइजी किशोर कौशल और एसपी कपिल चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर इन्हें रवाना किया. इन बाइकों का वितरण इस प्रकार किया गया-12 बाइक शहर थाना, छह बाइक सदर थाना, छह बाइक चैनपुर थाना, दो बाइक यातायात पुलिस और 10 बाइक पांच चेकपोस्ट को दी गयीं.
पेट्रोलिंग को सघन बनाया जा सकेगा
डीआइजी ने बताया कि ये सभी बाइक झारखंड सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गयी हैं, ताकि पेट्रोलिंग को सघन बनाया जा सके. डायल 112 के तहत प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई संभव होगी. उन्होंने कहा कि पुलिसिंग व्यवस्था को दुरुस्त करने और अपराधमुक्त जिला बनाने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण है.पुलिस को और सुविधा होगी
एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि जिन इलाकों में चार पहिया वाहन से पहुंचना कठिन होता था, वहां अब बाइक से पुलिस तेजी से पहुंचेगी. इन बाइकों में जीपीएस सिस्टम और रियल-टाइम लोकेशन ट्रैकिंग की सुविधा है. साथ ही डायल 112 इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम, ब्लू और रेड पुलिस सिग्नल लाइट्स, हाई-इंटेंसिटी एलईडी सायरन, माइक और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम भी लगाये गये हैं.