पलामू : 8 साल से छतरपुर नगर पंचायत, फिर भी कच्ची है सड़क ; टैक्स वसूली पूरी पर सुविधा जीरो

पलामू के छतरपुर नगर पंचायत के वार्ड 4 में सड़क की जर्जर स्थिति से लोग परेशान हैं. बारिश में जलजमाव और कीचड़ से आवागमन मुश्किल हो गया है, प्रशासन से सुधार की मांग.

निखिल सिन्हा की रिपोर्ट छतरपुर (पलामू). जिले छतरपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार में सड़क की बदहाल स्थिति ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. छतरपुर अनुमंडल कार्यालय से पुनर्वास होते हुए बारा और बसनाराज गांव को जोड़ने वाली यह सड़क लंबे समय से जर्जर है. सड़क की स्थिति ऐसी है कि बारिश के दिनों में इस पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. रोजाना सैकड़ों वाहन और बड़ी संख्या में लोग इस सड़क से आवागमन करते हैं.

आठ वर्षों के बाद भी नही बदली तस्वीर

स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर पंचायत बने करीब आठ वर्ष बीत चुके हैं. लेकिन अब तक इस सड़क का स्थायी निर्माण नहीं हो सका है. बरसात के दिनों में कच्ची सड़क पर जगह-जगह पानी जमा हो जाता है. चिकनी मिट्टी के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ जाती है, जिससे बाइक सवारों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है. सड़क पर कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. पानी भर जाने के बाद सड़क और गड्ढे का अंतर तक पता नहीं चलता.

शिकायत के बावजूद समाधान नहीं

रात के समय इस मार्ग पर दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है. वार्डवासियों का कहना है कि सड़क की बदहाली को लेकर कई बार संबंधित जनप्रतिनिधियों और नगर पंचायत के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ. लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि नगर पंचायत बनने के बाद वे नियमित रूप से टैक्स का भुगतान कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मूलभूत सड़क सुविधा नहीं मिल पा रही है.

ये भी पढ़ें: झारखंड में बालू माफिया का नया खेल, बिहार के फर्जी चालान से तस्करी, पलामू DMO के पत्र से खुलासा

बारिश के दिनों में फिसलन और जलजमाव

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस सड़क पर 100 से अधिक घरों के लोग नियमित रूप से आवागमन करते हैं. बारिश के दिनों में फिसलन और जलजमाव के कारण लोगों को वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ता है. इससे लोगों का अतिरिक्त समय और पैसा खर्च होता है. ग्रामीणों और वार्डवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से सड़क का जल्द पक्कीकरण कराने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है.

ये भी पढ़ें: पलामू के किशुनपुर पंचायत की मुखिया ने पेश की मिसाल: सरकारी फंड नहीं तो क्या, अपने पैसों से बनवा रहीं सड़क

सड़क की बदहाल स्थिति | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >