मेदिनीनगर. कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ एम तौसिफ ने केंद्र सरकार के खान एवं खनिज संशोधन विधेयक 2026 का विरोध किया है. शुक्रवार को परिसदन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने कहा कि यह विधेयक झारखंड के हित में नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार झारखंड की खनिज संपदा और उससे मिलने वाले राजस्व पर नियंत्रण चाहती है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि विधेयक के जरिये केंद्र सरकार अपने पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचाना चाहती है.
खनिज संपदा झारखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़
डॉ तौसिफ ने कहा कि खनिज संपदा झारखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है. खनिज से मिलने वाले राजस्व के माध्यम से राज्य सरकार जनता के हित में कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित करती है. उन्होंने दावा किया कि खान एवं खनिज संशोधन विधेयक लागू होने के बाद झारखंड को खनिज संपदा से मिलने वाले राजस्व में भारी कमी आएगी. उनके अनुसार इससे राज्य को हर साल करीब 14 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है. उन्होंने केंद्र की एनडीए सरकार पर झारखंड को आर्थिक रूप से कमजोर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया.
ये भी पढ़ें: पलामू में 32 साल पुराने भ्रष्टाचार मामले में कार्रवाई, दो पूर्व पंचायत सेवकों समेत 6 गिरफ्तार
7 सितंबर को रांची में विरोध प्रदर्शन
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विमला कुमारी ने कहा कि पार्टी विधेयक के खिलाफ गांव-टोले से लेकर सदन तक आंदोलन कर रही है. उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से 7 सितंबर को रांची में आयोजित विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की.
ये भी पढ़ें: छात्रों के आंदोलन से ध्यान हटाने के लिए जयराम महतो के मामले को तूल दे रही सरकार : डॉ शशिभूषण मेहता
राम मंदिर चढ़ावा राशि मामले की जांच की मांग
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डॉ एम तौसिफ ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावा राशि चोरी के मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की. मौके पर सत्यानंद दुबे, विनोद कुमार तिवारी, सत्येंद्र सिंह, विनोद तिवारी, मुकेश सिंह, जितेंद्र कमलापुरी, आशीष ठाकुर और सुरेंद्र सिंह टिकैत सहित अन्य कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे.
