पलामू. जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामला रेहला थाना क्षेत्र के तोलरा गांव का है, जहां शुक्रवार की देर रात चोरों ने पुलिस इंस्पेक्टर के पैतृक घर को निशाना बनाया. चोर सीढ़ी के सहारे घर में दाखिल हुए और अलमीरा और बक्सों को तोड़कर 12 हजार रुपए नकद समेत लाखों रुपए के जेवरात चोरी कर फरार हो गए. प्रारंभिक आकलन के अनुसार चोरी हुए सामानों की कीमत करीब पांच लाख रुपए बताई जा रही है.
रात करीब तीन बजे घर में दाखिल हुए चोर
जानकारी के अनुसार, तोलरा गांव स्थित मकान पुलिस इंस्पेक्टर सह गढ़वा थाना प्रभारी सुनील तिवारी का पैतृक आवास है. ग्रामीणों के मुताबिक, रात करीब तीन बजे चोर सीढ़ी लगाकर घर में दाखिल हुए. इसके बाद उन्होंने घर के कमरों में रखी अलमीरा और बक्सों को तोड़ दिया. चोरों ने सामान को इधर-उधर बिखेर दिया और नकदी सहित जेवरात लेकर मौके से फरार हो गए.
ये भी पढ़ें- लोहरदगा में भाजपा ने निकाली आक्रोश रैली, छात्रों के हक को लेकर सरकार पर साधा निशाना
ग्रामीणों ने दो संदिग्धों को पकड़ा
सुबह चोरी की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने आसपास के इलाके में खोजबीन शुरू की. इसी दौरान दो संदिग्धों को पकड़कर रेहला पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की घटना में उनके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी हुए सामानों का पूरा आकलन अभी नहीं हो पाया है. घर में रखे सामान की जांच के बाद चोरी हुई संपत्ति की वास्तविक कीमत स्पष्ट हो सकेगी. प्रारंभिक तौर पर चोरी के सामान की कीमत करीब पांच लाख रुपए बताई जा रही है. वहीं, रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पकड़े गए संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास कर रही है.
ये भी पढ़ें- JPSC Exam Scam: दारोगा नहीं बन सका तो परीक्षा फर्जीवाड़े का बनाया नेटवर्क, कई लोगों को बना दिया अफसर
