संवाददाता, पाकुड़ .पाकुड़ कोल रोड पर बढ़ती रंगदारी, कोयला चोरी और डीजल लूट के खिलाफ कोल ट्रांसपोर्ट को-ऑर्डिनेशन कमेटी ने मंगलवार को प्रशासन के समक्ष आवाज उठायी. कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक का ध्यान कोल रोड पर कथित रूप से सक्रिय असामाजिक तत्वों और ट्रांसपोर्टरों को हो रही परेशानियों की ओर आकर्षित कराया.
हथियार के बल पर डीजल चोरी का आरोप
कमेटी की ओर से सौंपे गये ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कोल रोड पर धारदार हथियारों के बल पर वाहनों को रोककर 200 से 300 लीटर तक डीजल चोरी किया जा रहा है. वहीं, बनपोखरिया, सिलकुट्टी, आसनदीपा एवं दुर्गापुर के आसपास तिरपाल फाड़कर वाहनों से कोयला लूटने की घटनाएं होने की बात कही गयी है.
टायर फंसने पर 10 से 40 हजार रुपये तक वसूली का आरोप
कमेटी ने बताया कि बारिश के मौसम में कोयला लदे वाहनों का टायर सड़क के शोल्डर में फंसने पर कथित रूप से स्थानीय असामाजिक तत्वों द्वारा चालकों से 10 हजार से 40 हजार रुपये तक की अवैध वसूली की जाती है. विरोध करने पर चालक और सह-चालक के साथ मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
झोपड़ियों को हटाने की मांग
कोल ट्रांसपोर्ट को-ऑर्डिनेशन कमेटी ने दुर्गापुर मोड़, आसनदीपा बायपास, कोलाजोड़ा पहाड़, रामपुर, सहरग्राम, पोखरिया एवं अमरापारा बरमसिया में बनी झोपड़ियों को तत्काल हटाने की मांग की. कमेटी का आरोप है कि इन झोपड़ियों की आड़ में डीजल चोरी और गांजा कारोबार जैसी अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं.
एसपी के निर्देश के बाद फंसी गाड़ी तत्काल निकाली गयी
ज्ञापन पर एसपी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर थाना प्रभारी को कड़े निर्देश दिये. इसके बाद रामपुर में सुबह से सड़क के बीच फंसी अमरापारा निवासी शुभम कुमार की गाड़ी को थाना प्रभारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षित निकलवाया. त्वरित कार्रवाई के लिए ट्रांसपोर्टर यूनियन ने एसपी का आभार जताया.
कोल रोड के सभी थाना प्रभारियों के साथ होगी बैठक
एसपी अनुदीप सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि कोल रोड से जुड़े सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक की जायेगी. रंगदारी और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई कर कोयला परिवहन को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जायेगा. कमेटी ने प्रशासन से असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
