ट्रेन में चोरी कर ससुराल में छिपा था आरोपी, पुलिस पहुंची तो दीवार फांदकर खेत में भागा!

ट्रेन में 16 लाख रुपये से ज्यादा की चोरी का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस ने आरोपी को उसके ससुराल से गिरफ्तार किया, जो चोरी के बाद वहां छिपा था. पकड़े जाने पर आरोपी खेत की ओर भागा, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया.

पाकुड़ : एक यात्री की शिकायत, रेलवे स्टेशन का सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल की टावर लोकेशन और लगातार पीछा करती पुलिस टीम. इन कड़ियों को जोड़ते हुए आरपीएफ और पुलिस ने पदातिक एक्सप्रेस में हुई करीब 16.41 लाख रुपये की चोरी का उद्भेदन किया. आरपीएफ टीम का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर नीरज कुमार सिन्हा की तफ्तीश के बाद पुलिस ने आरोपी जियाउल शेख उर्फ चपरा को राजमहल स्थित उसके ससुराल से गिरफ्तार किया.

15 सितंबर की रात करीब 1:47 से 1:50 बजे के बीच पदातिक एक्सप्रेस में कोटालपोखर के पास यात्री के सामान से सोने के आभूषण और मोबाइल चोरी होने की शिकायत रेल मदद पर दर्ज करायी गयी थी. शिकायत के बाद आरपीएफ आईजी ईएन सिन्हा ने आरपीएफ इंस्पेक्टर नीरज कुमार सिन्हा के नेतृत्व में 16 सितंबर को जांच टीम का गठन किया.

सीसीटीवी फुटेज में दिखा संदिग्ध

आरपीएफ टीम ने कोटालपोखर रेलवे स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में एक संदिग्ध युवक लाल टीशर्ट में ट्रेन के स्लीपर कोच में अलग तरफ से चढ़ता दिखाई दिया. चेहरा स्पष्ट नहीं होने के कारण एआई की मदद से फोटो क्लियर कर आरोपी के हुलिया के आधार पर जांच शुरू की गयी.

बड़हरवा से ससुराल पहुंचा आरोपी

जांच में पता चला कि घटना के बाद आरोपी कोटालपोखर में ही रात गुजारा और अगली सुबह ऑटो से बड़हरवा के हरिजन पाड़ा स्थित अपने घर पहुंचा. पुलिस की गतिविधि बढ़ने की भनक लगने के बाद वह चोरी का माल लेकर वहां से निकल गया और राजमहल स्थित अपने ससुराल में जाकर छिप गया.

अपराध शाखा और स्थानीय सूत्रों की मदद से उसके मोबाइल की टावर लोकेशन लगातार खंगाली जाती रही. लोकेशन बदलने के बावजूद टीम उसकी तलाश में जुटी रही.

ज्वेलरी दुकान में माल बेचने का आरोप

19 सितंबर को दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच आरोपी अपनी सास और रिश्तेदारों के साथ राजमहल स्थित प्रदीप कुमार साहा की आभूषण दुकान पहुंचा. वहां पत्नी की बीमारी का बहाना बनाकर उसने चोरी की दो सोने की चेन और कान के आभूषण बेचने का आरोप है. इसके बदले उसे करीब 1.41 लाख रुपये मिले. चोरी का मोटोरोला मोबाइल 2500 रुपये और अंगूठी 19 हजार रुपये में बेचने की बात भी सामने आयी.

दीवार फांदकर भागा, खेत में पकड़ा गया

तकनीकी निगरानी के आधार पर टीम उसकी लोकेशन तक पहुंची. शाम करीब पांच बजे आरपीएफ इंस्पेक्टर नीरज कुमार सिन्हा के नेतृत्व में टीम आरोपी के ससुराल पहुंची. पुलिस को देखते ही आरोपी दीवार फांदकर खेत की ओर भागने लगा. पहले से की गयी घेराबंदी के कारण वह कुछ दूर ही जा सका और पकड़ लिया गया.

चोरी का सामान बरामद

पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर कानूनी प्रक्रिया के तहत आभूषण दुकानदार के यहां से बेचे गये जेवर, 1.41 लाख रुपये नकद, मोबाइल और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया.

मामले में पुलिस के अनुसार जियाउल शेख उर्फ चपरा को चोरी का आरोपी तथा प्रदीप कुमार साहा को चोरी के सामान का खरीदार पाया गया है. दोनों को बरामद सामान और जब्ती सूची समेत जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया गया. मामले में केस संख्या 48/2026, दिनांक 20 सितंबर, धारा 305(सी), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गयी है.

आरोपी को लेकर इंस्पेक्टर ने कही यह बात

आरपीएफ इंस्पेक्टर नीरज कुमार सिन्हा ने बताया कि जियाउल शेख उर्फ चपरा आदतन अपराधी है. उनके अनुसार, वह बरहरवा से रामपुरहाट के बीच ट्रेनों में चोरी-छिनतई की घटना को अंजाम देता था और अक्सर वीकली ट्रेनों में रात को घटना को अंजाम देता था.

उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में तफ्तीश सीसीटीवी से शुरू होकर स्थानीय सूचना, मोबाइल टावर की निगरानी, ज्वेलरी दुकान की पड़ताल और मौके की घेराबंदी तक पहुंची.


चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी व बरामद आभूषण, आरोपी जियाउल शेख उर्फ चपरा, आरपीएफ इंस्पेक्टर नीरज कुमार सिन्हा | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रमेश भगत

रमेश भगत प्रभात खबर, पाकुड़ में ब्यूरो चीफ हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता की पढ़ाई की है. 15 वर्षों के पत्रकारिता करियर की शुरुआत दिल्ली में CNEB News Channel से की. इसके बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के ईएमएमसी (EMMC) और डीडी न्यूज में कार्य किया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में उन्हें व्यापक अनुभव है. राजनीति, प्रशासन, अपराध, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनसरोकार सहित हर विधा की खबरों की रिपोर्टिंग और विश्लेषण में उनकी विशेष रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >