अमड़ापाड़ा : अमड़ापाड़ा संथाली पंचायत अंतर्गत आमिरजोला गांव के समीप जंगल में बुधवार की देर शाम पेड़ से रस्सी के सहारे 17 वर्षीय किशोर का शव लटकता मिला. मृतक की पहचान टुटुल देहरी, पिता देवा देहरी, निवासी आमिरजोला के रूप में हुई है. ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को लिया कब्ज़े में
एसआइ कवींद्र मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया. शव से तेज दुर्गंध आ रही थी. घटना एक-दो दिन पुरानी होने की आशंका जतायी जा रही है. प्रथम दृष्टया पुलिस, किशोर द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किये जाने की आशंका जता रही है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चलेगा. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. परिजनों में घटना के बाद मातम पसरा है.
