प्रतिनिधि, पाकुड़. पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल पाकुड़ की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं. अभियान दो अक्टूबर तक चलेगा. इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ साफ-सफाई के तौर-तरीकों की जानकारी दी जा रही है.
सदर प्रखंड की पृथ्वीनगर पंचायत में जन-जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान गली-मोहल्लों में झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ जलसहिया संघ की सदस्य सेलियारा खातून ने किया.
चार डिब्बों में कचरा रखने की दी जानकारी
हिरणपुर प्रखंड के तोड़ई पंचायत स्थित कैथोलिक चर्च तोड़ई में भी जन-जागरूकता कार्यक्रम हुआ. प्रार्थना सभा के बाद जिला समन्वयक इमरान आलम ने ग्रामीणों को अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि अभियान श्रमदान पर आधारित है और सामुदायिक स्थलों व आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता के लिए सभी का सहयोग जरूरी है.
उन्होंने गली-मोहल्लों और सामुदायिक स्थलों की नियमित सफाई की अपील की. साथ ही कचरे के पृथक्कीकरण के लिए चार अलग-अलग डब्बों के इस्तेमाल की जानकारी दी. नीले डब्बे में सूखा, हरे में गीला, लाल में सेनेटरी और काले डब्बे में पेंट सहित अन्य हानिकारक कचरा डालने की जानकारी दी गयी. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलायी गयी.
