रॉयल्टी के पेच में फंसे संवेदकों की आवाज बने स्टीफन मरांडी, सदन में उठाया नियम 55 का मुद्दा

झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में विधायक स्टीफन मरांडी ने नियम 55 को यथावत रखने की मांग की, जिससे संवेदकों को रॉयल्टी चालान की समस्या से राहत मिल सकेगी.


पाकुड़िया: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने खान एवं भूतत्व विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण मामले को अल्पसूचित प्रश्न के माध्यम से सदन में उठाया. उन्होंने झारखंड लघु खनिज समनुदान नियमावली, 2004 (यथा संशोधित) के नियम 55 को यथावत रखने की मांग सरकार के समक्ष रखी.

विधायक ने सरकार से सवाल किया कि क्या मिट्टी और मोरम से संबंधित लाइसेंस निर्गत नहीं किया जाता है. उन्होंने यह भी जानना चाहा कि नियमावली के नियम 55 को विलोपित किए जाने के बाद मिट्टी, मोरम और बालू जैसे लघु खनिजों की रॉयल्टी चालान के माध्यम से जमा करना अनिवार्य हो गया है या नहीं.

उन्होंने सदन में यह भी सवाल उठाया कि नियम 55 के प्रभावी रहने के दौरान यदि कोई संवेदक रनिंग अकाउंट बिल के साथ रॉयल्टी चालान प्रस्तुत नहीं कर पाता था, तो रॉयल्टी राशि के समतुल्य दंड राशि जमा कर भुगतान प्राप्त करने का प्रावधान था या नहीं.

नियम 55 को दोबारा यथावत रखने के संबंध में स्पष्ट करे विचार

सरकारी योजनाओं में रॉयल्टी से जुड़ी परेशानियों को देखते हुए विधायक ने सरकार से नियम 55 को दोबारा यथावत रखने के संबंध में विचार स्पष्ट करने को कहा. जवाब में मंत्री ने बताया कि नियम 55 से संबंधित निर्णय कैबिनेट की बैठक में लिया गया था. आगामी बैठक में नियम 55 को यथावत रखने के संबंध में विभाग निर्णय लेगा.

55 को यथावत रखने से कम होंगी परेशानियां

विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि नियम 55 को यथावत रखने से संवेदकों की परेशानियां कम होंगी और सरकारी विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी. उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि इसका लाभ पाकुड़ सहित पूरे झारखंड में विकास कार्यों से जुड़े संवेदकों को मिल सकेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सानू दत्ता

सानू दत्ता: पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं। वर्तमान में प्रभात खबर, पाकुड़ में कार्यरत हूं। ग्रामीण विकास, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखता हूं। डिजिटल पत्रकारिता और मल्टीमीडिया कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >