पंचायत समिति बैठक में 15वें वित्त आयोग की योजनाओं को मिली स्वीकृति प्रतिनिधि, लिट्टीपाड़ा प्रखंड सभागार भवन में मंगलवार को पंचायत समिति की बैठक प्रमुख मरांग बीटी बेसरा की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में बीडीओ संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. बैठक के दौरान 15वें वित्त आयोग की विभिन्न योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई. बैठक में प्रखंड क्षेत्र के खराब चापानलों और जलमीनारों की मरम्मत, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में हैंडवॉश निर्माण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग पेंशन तथा पीवीटीजी परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से आच्छादित करने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. पात्र लाभुकों की पहचान कर राशन कार्ड उपलब्ध कराने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में डोर-स्टेप चावल वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. कृषि विभाग ने खरीफ मौसम के लिए धान बीज की उपलब्धता और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण की जानकारी दी. मनरेगा योजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यालय परिसर और मुख्य सड़कों के किनारे लीनियर प्लांटेशन कराने का निर्णय लिया गया. इच्छुक लाभुकों को दाग संख्या सहित अपनी भूमि की सूची जमा करने का निर्देश दिया गया. शिक्षा विभाग को विद्यालयों में छात्रों और शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, पशुपालन विभाग को टीकाकरण शिविर आयोजित करने तथा विद्युत विभाग को धुंध पहाड़ी और लहरबनी गांव की बिजली समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया गया. स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 28 जून से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान के तहत प्रखंड के 22,217 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी. बैठक में डॉ. मुकेश बेसरा, आतिश भट्टाचार्य, केसी दास सहित अन्य पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.
खराब चापानल और जलमीनारों की मरम्मत, पहाड़ी क्षेत्रों में डोर-स्टेप चावल वितरण पर जोर
पंचायत समिति की बैठक में 15वें वित्त आयोग की योजनाओं को मंजूरी दी गई। प्रखंड के खराब चापानलों, जलमीनारों की मरम्मत, हैंडवॉश निर्माण, सामाजिक सुरक्षा और दिव्यांग पेंशन पर चर्चा हुई। राशन कार्ड वितरण और डोर-स्टेप चावल वितरण का निर्देश दिया गया। कृषि विभाग ने धान बीज और किसान क्रेडिट कार्ड की जानकारी दी। मनरेगा योजना के तहत लीनियर प्लांटेशन का निर्णय लिया गया। पोलियो अभियान में 22,217 बच्चों को वैक्सीनेशन कराना सुनिश्चित किया जाएगा।
