हिरणपुर : कल्याण गुरुकुल हिरणपुर के प्राचार्य प्रवीण सिंह ने गुरुवार को गौरीशंकर के साथ चेन्नई स्थित इंटिमेट फैशन कंपनी का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने कल्याण गुरुकुल से प्रशिक्षण प्राप्त कर कंपनी में कार्यरत चयनित युवाओं से मुलाकात की. प्राचार्य ने युवाओं से उनके कामकाज, रहने की व्यवस्था और कंपनी में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली. प्राचार्य के पहुंचने पर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला.
रोजगार मिलने से युवाओं में खुशी
युवाओं ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद रोजगार का अवसर मिलने से वे काफी खुश हैं. वे कंपनी में पूरी मेहनत और लगन के साथ काम कर रहे हैं. इस दौरान प्राचार्य ने युवाओं से उनके अनुभव भी साझा किए और किसी तरह की परेशानी होने पर तत्काल जानकारी देने को कहा.
मेहनत और अनुशासन से मिलेगी सफलता
प्रवीण सिंह ने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन से ही सफलता हासिल की जा सकती है. उन्होंने युवाओं को अपने कौशल को लगातार बेहतर करने और रोजगार के इस अवसर का सदुपयोग करने की सलाह दी. साथ ही सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
अन्य युवाओं के लिए बन रहा प्रेरणा का आधार
कल्याण गुरुकुल से प्रशिक्षण लेकर विभिन्न कंपनियों में युवाओं का चयन क्षेत्र के अन्य बेरोजगार युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक बन रहा है. प्रशिक्षण के बाद रोजगार से जुड़ रहे युवाओं की सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी कौशल विकास और रोजगार के अवसरों की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही है.
