पाकुड़. नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाये जा रहे ऑपरेशन जीवन के तहत पाकुड़ पुलिस ने पाकुड़िया और महेशपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 2.865 किलो गांजा बरामद किया है. मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. उक्त जानकारी पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर दी. इस दौरान एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे. गिरफ्तार आरोपियों में पाकुड़िया थाना क्षेत्र के मोंगलाबांध निवासी पारू अंसारी उर्फ पाड़ु अंसारी उर्फ हुसैन अंसारी (40) और महेशपुर थाना क्षेत्र के बड़कियारी निवासी पिंटु शेख शामिल हैं. दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है.
मोंगलाबांध में पुलिस को देखते ही भागने लगा आरोपी
एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि 12 अगस्त को मोंगलाबांध और बड़कियारी में गांजा की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी. इसके बाद एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. मोंगलाबांध में पारू अंसारी के घर छापेमारी के दौरान उसने भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया. तलाशी में घर और बाइक की डिक्की से 2.165 किलो गांजा, 70 मिट्टी के चिलम, दो बाइक, पीतल का तराजू-बटखारा और मोबाइल बरामद किया गया.
बड़कियारी में भी छापेमारी, 700 ग्राम गांजा बरामद
इसके बाद पुलिस टीम ने महेशपुर थाना क्षेत्र के बड़कियारी हटियापाड़ा में पिंटु शेख के घर छापेमारी की. तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक की थैलियों से 700 ग्राम गांजा और एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ. पुलिस ने पिंटु शेख को गिरफ्तार कर लिया.
ऑपरेशन जीवन में अब तक 13 गिरफ्तार, लगातार जारी है कार्रवाई
एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि ऑपरेशन जीवन के तहत 19 अप्रैल से 2 अगस्त तक जिले में नौ मामले दर्ज किये गये हैं. इन मामलों में 83.30 ग्राम ब्राउन शुगर और 2.246 किलो गांजा बरामद कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. बुधवार की कार्रवाई में दो और गिरफ्तारी के बाद यह संख्या 13 हो गयी है. नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
