पाकुड़ से रमेश भगत की रिपोर्ट
पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिला अंतर्गत अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव से 15 वर्षीया किशोरी के कथित अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना उस वक्त हुई जब किशोरी अपनी सहेली के साथ गांव के पास स्थित एक जलस्रोत से पीने का पानी भरने गई थी. सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और नाबालिग की सकुशल बरामदगी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है.
बाइक सवार 3 युवकों पर जबरन ले जाने का आरोप
घटना सोमवार की शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है. पीड़िता के पिता के अनुसार उनकी 15 वर्षीय बेटी अपनी एक सहेली के साथ ढलान पर स्थित जलस्रोत से पीने का पानी लाने गई थी. इसी दौरान तीन बाइक सवार युवक वहां पहुंचे. आरोप है कि एक युवक सड़क पर बाइक के पास खड़ा रहा, जबकि दो युवक नीचे जलस्रोत तक पहुंचे और किशोरी को जबरन बाइक पर बैठाकर फरार हो गए. घटना के वक्त उनके साथ मौजूद सहेली बेहद डर गई और किसी तरह वहां से जान बचाकर भाग निकली.
ये भी पढ़ें: शहर में चेन स्नैचरों का बढ़ता आतंक, 24 घंटे में तीन महिलाओं को बनाया निशाना
डर के मारे सहेली ने तुरंत नहीं दी जानकारी
परिजनों ने बताया कि खौफ के कारण सहेली तुरंत किसी को घटना के बारे में नहीं बता सकी. जब देर शाम तक किशोरी घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन और पूछताछ के दौरान सहेली ने पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद तुरंत अमड़ापाड़ा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई.
सीडीआर और तकनीकी साक्ष्यों से जांच, कई हिरासत में
सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और मामले की पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस ने घर पर छूटे किशोरी के मोबाइल फोन को अपने कब्जे में ले लिया है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाल रही है. जबकि पुलिस ने उनकी सहेली से पूछताछ की तो वह बेहद सहमी हुई थी, जिसके वजह से बाइक या आरोपियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाई है. इसलिए पुलिस स्थानीय सूचना तंत्र और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का सहारा ले रही है. शुक्रवार की पूरी रात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी. सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया गया है.
पुलिस ने किशोरी को किया सुरक्षित बरामद
सूत्रों का दावा है कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने बरामदगी या किसी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच तेजी से जारी है और सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल के बाद उचित समय पर मामले का औपचारिक खुलासा किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: पारा मेडिकल छात्रों का प्रदर्शन,स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मांगें पूरी करने का दिया भरोसा
