प्रतिनिधि, लिट्टीपाड़ा : पहाड़िया स्वावलंबन परियोजना के तहत ‘पहाड़िया महिला एकता कृषक उत्पादक कंपनी लिमिटेड’ की वार्षिक आमसभा शुक्रवार को दुमगो गांव में आयोजित की गयी. बदलाव फाउंडेशन की ओर से ट्रांसफॉर्म ट्रेड के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में 50 गांवों की महिला शेयरधारकों ने हिस्सा लिया.
उपलब्धियों और लेखा-जोखा पर हुई चर्चा
सभा में कंपनी की उपलब्धियों, पिछले वित्तीय वर्ष के लेखा-जोखा व ऑडिट रिपोर्ट की जानकारी दी गयी. साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर चर्चा की गयी.
कृषि और बकरी पालन मॉडल का प्रदर्शन
इस दौरान बीज संरक्षण, उन्नत कृषि पद्धति, जैव-इनपुट के प्रयोग और बकरी पालन मॉडल का प्रदर्शन किया गया. नुक्कड़ नाटक व प्रतियोगिताओं के माध्यम से सामुदायिक संगठन की भूमिका बतायी गयी.
पांच साल में महिला समूह बना उत्पादक कंपनी
कंपनी की निदेशक मंडल सदस्य चांदमुनी पहाड़िन ने बताया कि पांच वर्ष पहले निष्क्रिय महिला समूह आज मजबूत उत्पादक कंपनी का रूप ले चुका है. पिछले वित्तीय वर्ष में कंपनी ने करीब 18 लाख रुपये का कारोबार किया, जिससे 800 परिवारों को सीधा लाभ मिला.
‘प्रहाद नेचुरल’ ब्रांड से बाजार में आएगा सरसों तेल
सलोमी मालतो ने कृषि उत्पादों के मूल्यवर्धन की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि स्थानीय कृषि उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कंपनी जल्द ‘प्रहाद नेचुरल’ ब्रांड के नाम से सरसों तेल बाजार में उतारेगी.
महिला उत्पादकों के सामूहिक प्रयास की सराहना
ट्रांसफॉर्म ट्रेड के दीपांकर सेन गुप्ता ने महिला उत्पादकों के सामूहिक प्रयास की सराहना की. कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी सुमित मिश्रा, बीपीएम जन्मजय बाउरी समेत अन्य उपस्थित थे.
