प्रतिनिधि, लिट्टीपाड़ा : साइबर ठगों ने झांसा देकर 73 वर्षीय बुजुर्ग के खाते से 4.81 लाख रुपये की ठगी कर ली. मामला लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के करियोडीह गांव का है. पीड़ित प्रतुल कुमार साहा की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
गलती से 3 हजार रुपये ट्रांसफर होने की कही बात
पीड़ित के अनुसार, 9 से 14 सितंबर के बीच उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबरों से फोन आया. कॉल करने वाले ने बताया कि उससे गलती से उनके बैंक खाते में 3,000 रुपये ट्रांसफर हो गये हैं. उक्त राशि वापस करने के नाम पर ठगों ने उन्हें अपनी बातों में उलझाया.
यूपीआई से 4,81,892 रुपये की निकासी
इसके बाद ठगों ने यूपीआई के जरिए अलग-अलग किश्तों में कुल 4,81,892 रुपये की निकासी कर ली. खाते से बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने लिट्टीपाड़ा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करायी.
मोबाइल नंबर और ट्रांजैक्शन की जांच
थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. ठगी में प्रयुक्त मोबाइल नंबरों और संबंधित ट्रांजैक्शन की जानकारी के आधार पर जांच की जा रही है.
