जैक बोर्ड परीक्षा एवं छात्र सुरक्षा को लेकर डीसी- एसपी ने की समीक्षा

पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि स्कूल बसों का समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जायेगा.

स्कूल बसें रहें दुरुस्त, चालकों के स्वास्थ्य की हो जांच : डीसी संवाददाता, पाकुड़ मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर रविवार को समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक में जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित थे. बैठक में उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि 3 फरवरी से प्रारंभ होने वाली जैक परीक्षा को लेकर सभी विद्यालय पूर्ण तैयारी सुनिश्चित करें. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले का कोई भी छात्र-छात्रा परीक्षा से वंचित न रहे तथा शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाये. आपातकालीन परिस्थितियों से निबटने के लिए विद्यालयों में एक से अधिक प्रवेश एवं निकास द्वार (बी प्लान) की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी विद्यालयों में कैंप एवं हेल्थ कैंप आयोजित करने, भूकंप से संबंधित मॉक ड्रिल कराने तथा सभी कक्षाओं में पर्याप्त एवं बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए अलग फ्लोर अथवा विशेष व्यवस्था करने, सभी विद्यालयों में फर्स्ट एड किट एवं अग्निशमन यंत्र की अनिवार्य उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया. विद्यालयों की परिवहन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने स्कूल बसों को तकनीकी रूप से दुरुस्त रखने, चालकों की नियमित जांच करने तथा शराब सेवन कर वाहन संचालन पर सख्त रोक लगाने को कहा. शैक्षणिक भ्रमण से पूर्व संबंधित थाना को सूचना देना अनिवार्य बताया. विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापन को भी अनिवार्य करार दिया गया. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि स्कूल बसों का समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जायेगा. उन्होंने बसों के लिए निर्धारित रूट तय करने, संकरी व भीड़-भाड़ वाली सड़कों से बचने, सुरक्षित पिकअप प्वाइंट निर्धारित करने तथा सभी स्कूल बसों में सीसीटीवी कैमरा लगाने का सुझाव दिया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >