पाकुड़ : ब्याहुत संघ, पाकुड़ की ओर से आयोजित भगवान बलभद्र जन्मोत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों और महिलाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. नृत्य के अंडर-10 वर्ग में राजनंदिनी और अंडर-18 वर्ग में इशिका भगत ने प्रथम स्थान हासिल किया. मेमोरी टेस्ट में आर्यन भगत तथा फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में प्रियांशी भगत प्रथम रहीं. विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
इससे पहले शीतला मंदिर परिसर स्थित बलभद्र भगवान के मंदिर में पूजा-अर्चना की गयी. इसमें बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं और बच्चे शामिल हुए. शाम में ब्याहुत विवाह भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसका शुभारंभ संघ के सचिव अशोक कुमार भगत ने दीप प्रज्वलित कर किया.
नृत्य में राजनंदिनी और इशिका प्रथम
नृत्य प्रतियोगिता के अंडर-10 वर्ग में राजनंदिनी प्रथम, प्रियांशी द्वितीय तथा भव्या और साक्षी संयुक्त रूप से तृतीय रहीं. अंडर-18 वर्ग में इशिका भगत प्रथम, प्रतिमा भगत द्वितीय और श्रुति भगत तृतीय रहीं.
मेमोरी टेस्ट और फैंसी ड्रेस में भी दिखी प्रतिभा
मेमोरी टेस्ट में आर्यन भगत प्रथम, रौनक भगत द्वितीय और श्रुति भगत तृतीय रहीं. फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में प्रियांशी भगत प्रथम, प्रियांशी रानी द्वितीय और आर्या भगत तृतीय रहीं.
चित्रांकन में भी बच्चों ने मारी बाजी
चित्रांकन प्रतियोगिता के अंडर-10 वर्ग में देवांश भगत प्रथम, अनय भगत द्वितीय और भव्या भगत तृतीय रहे. अंडर-14 वर्ग में सौम्या भगत प्रथम, काव्या भगत द्वितीय और श्रुति भगत तृतीय रहीं.
गिटार, तबला और पियानो में बेहतर प्रस्तुति के लिए काव्या, माधव और सोम्या को विशेष पुरस्कार दिया गया.
महिलाओं की प्रतियोगिताओं में भी उत्साह
40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की म्यूजिकल चेयर रेस में गीता देवी प्रथम, पूर्णिमा देवी द्वितीय और बेबी देवी तृतीय रहीं. अंडर-40 वर्ग में किरण भगत प्रथम, मनीषा भगत द्वितीय और श्वेता भगत तृतीय रहीं.
सुई-धागा और चम्मच-गोली रेस में भी मुकाबला
सुई-धागा प्रतियोगिता में सोनाली भगत प्रथम, नीतिका भगत द्वितीय और सोनम भगत तृतीय रहीं. चम्मच-गोली रेस में नीतू भगत प्रथम, गोरी भगत द्वितीय और सुनिधि भगत तृतीय रहीं. नंबर गेम हाउजी में मोना भगत प्रथम, ममता भगत द्वितीय और लक्ष्मी भगत तृतीय रहीं.
निर्णायक मंडली रही मौजूद
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया. निर्णायक के रूप में ब्यूरो चीफ रमेश भगत, स्टेशन प्रबंधक विकास भगत, दंत चिकित्सक सोनाली भगत और प्रधानाचार्य राजकुमार भगत मौजूद रहे. अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ सांस्कृतिक संध्या का समापन किया गया.
