प्रतिनिधि, पाकुड़ : सिविल सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने शनिवार को सोनाजोड़ी स्थित सदर अस्पताल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा बिजली, पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कमियों को जल्द दूर करने का निर्देश दिया.
फिजियोथेरेपी रूम में एसी लगाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन फिजियोथेरेपी रूम पहुंचे. उन्होंने पूजा कुमारी मिश्रा से फिजियोथेरेपी की व्यवस्था और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली. रूम का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने एक सप्ताह के अंदर एसी लगाने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि फिजियोथेरेपी रूम में मरीजों को हीट थेरेपी दी जाती है. ऐसे में गर्मी के कारण मरीजों को परेशानी नहीं हो, इसके लिए एसी लगाना जरूरी है.
ब्लड सेंटर से ओपीडी तक व्यवस्थाओं की जांच
इसके अलावा उन्होंने ब्लड संग्रह केंद्र, ओपीडी कक्ष, दवा वितरण काउंटर, चिकित्सकों और नर्सों की उपस्थिति पंजी, साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया.
मरीजों को बेहतर सुविधा देने पर जोर
सिविल सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने कहा कि सदर अस्पताल किसी भी जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ है. यहां दूर-दराज से सभी वर्गों के लोग इलाज के लिए पहुंचते हैं. उपलब्ध संसाधनों का बेहतर लाभ मरीजों तक पहुंचे, इसके लिए अस्पताल की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जा रहा है. मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया है.
