नलहाटी से प्रतीम मष्करा की रिपोर्ट
नलहाटी : नलहाटी बृहद वैश्य समाज की ओर से शुक्रवार को नलहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर 5 स्थित राजा पोखर के समीप पुराने शिव मंदिर परिसर में महा समारोह के साथ बलभद्र पूजा का आयोजन किया गया. मंदिर परिसर में स्थापित बलभद्र देव की प्रतिमा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी. प्रत्येक वर्ष समाज की ओर से निर्धारित तिथि पर बलभद्र देव की पूजा का आयोजन किया जाता है. इस वर्ष कार्यक्रम को पहले की तुलना में व्यापक रूप दिया गया.
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ हवन-यज्ञ
पूजा को लेकर सुबह से ही समाज के विभिन्न परिवारों के सदस्य मंदिर परिसर में जुटने लगे थे. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बलभद्र देव की विशेष पूजा-अर्चना के साथ हवन-यज्ञ किया गया. इसमें समाज के महिला, पुरुष और युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. पूजा के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा.
समाज के सदस्यों की रही सक्रिय भागीदारी
आयोजन में प्रेम प्रकाश चौधरी, सोमू चौधरी, अमित चौधरी, सोमनाथ प्रसाद और मनीष प्रसाद सहित समाज के अन्य सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही. आयोजकों ने बताया कि पूजा के बाद समाज के सभी सदस्यों के लिए भोग-प्रसाद की व्यवस्था की गयी है.
शाम को होगा हरिनाम संकीर्तन
आयोजकों के अनुसार, शाम को हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया जायेगा. इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जायेगा. पूजा आयोजन में समाज के सभी परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित की गयी है.
